केन्द्रीय कारगृह में कारागार स्वास्थ्य अभियान ‘स्पंदन’ का आगाज

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

बाल विवाह मुक्त राजस्थान अभियान के तहत बाल विवाह रोकने की दिलाई शपथ
उदयपुर, 27 नवंबर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के तत्वावधान एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश गुप्ता के निर्देशन में शुक्रवार को केन्द्रीय कारागृह में स्वास्थ्य अभियान ‘स्पंदन’ का शुभारंभ किया गया। अभियान के शुभारंभ दिवस पर डॉक्टर्स की टीम द्वारा बन्दीजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
एडीजे राहुल चौधरी ने बताया कि पुलिस गार्ड की अनुपलब्धता या समन्वय की कमी के कारण कोई भी बंदी इलाज से वंचित न रहे, इसके लिए यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत एमबी चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन द्वारा गठित 5 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम डॉ. हितेश शर्मा (मेडिसिन), डॉ. विनोद कुमार (सर्जरी), डॉ. हिना रामनानी (दंत रोग), डॉ. अंकिता सिंह (नेत्र रोग) और डॉ. निशात खान (स्त्री रोग) द्वारा आधुनिक उपकरणों से लैस मेडिकल मोबाइल वैन के साथ बंदियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। यह मेडिकल टीम वैन सहित प्रत्येक माह के पहले और तीसरे सप्ताह में केंद्रीय कारागृह, महिला सुधारागृह सहित मावली, कानोड़, झाड़ोल और कोटड़ा उप-कारागृहों का दौरा करेगी। गंभीर रूप से बीमार बंदियों को माह के दूसरे और चौथे सप्ताह में पुलिस सुरक्षा के साथ अस्पताल रेफर किया जाएगा।
‘बाल विवाह मुक्त राजस्थान’ के तहत महिला वॉलंटियर्स को दिलाई शपथ
इसी क्रम में, ‘बाल विवाह मुक्त राजस्थान’ अभियान के तहत पंचायत समिति गिर्वा कार्यालय स्थित धन लक्ष्मी केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एडीजे राहुल चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में महिला अधिकारिता विभाग की महिला वॉलंटियर्स को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक संजय जोशी भी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!