उदयपुर। विश्व हास्य योग दिवस (वर्ल्ड लाफ्टर डे) के अवसर पर रविवार सुबह सहेलियों की बाड़ी ठहाकों, संगीत और उल्लास से सराबोर हो उठी जब विश्व रिकॉर्डधारी हास्य योग विशेषज्ञ श्री गुरु डॉ. प्रदीप कुमावत ने अपने अनूठे अंदाज में उदयपुरवासियों को हंसाया, झुमाया और नृत्य करने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में सहेलियों की बाड़ी खचाखच भरी रही और करीब सवा घंटे तक हजारों लोगों ने हास्य योग, मेवाड़ी गीतों और संगीतमय प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद उठाया। कार्यक्रम की शुरुआत लाफिंग बुद्धा चालीसा के साथ हुई, जिसमें उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से नृत्य कर उत्साहपूर्ण वातावरण बना दिया। इसके बाद श्री गुरु डॉ. प्रदीप कुमावत ने अपने विशेष हास्य योग प्रयोगों की श्रृंखला प्रस्तुत की। उन्होंने हनीबी लाफ्टर, ट्रम्प लाफ्टर, लस्सी लाफ्टर, मिल्कशेक लाफ्टर, मोटरसाइकिल लाफ्टर, ड्राफ्ट कार लाफ्टर तथा जीवन की विचित्र परिस्थितियों से जुड़े अनेक हास्य प्रयोगों के माध्यम से लोगों को लगातार ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया। विशेष बात यह रही कि हर चार लाफ्टर प्रयोगों के बाद मेवाड़ी गीतों पर सामूहिक नृत्य हुआ। श्री गुरु डॉ प्रदीप कुमावत द्वारा स्वयं रचित मेवाड़ी गीतों पर लोग झूमते और नाचते नजर आए। पूरा परिसर उत्सव और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया। मुख्य अतिथि ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने स्वयं हास्य योग तथा नृत्य में सहभागी बनकर लोगों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब उदयपुर के अनिल छाजेड , पदम दुग्गड़, ओ.पी. सहलोत, गजेंद्र जोधावत, राष्ट्रमंथन के रमन सूद, किशोर पंवार, बजरंग सेना के कमलेंद्र सिंह पंवार, पतंजलि योग समिति के अशोक जैन, अरुण कोठारी, आलोक संस्थान के मनोज कुमावत, कांता कुमावत, शशांक टांक, निश्चय कुमावत, प्रतीक कुमावत, ध्रुव कुमावत, कोमल सिंह चौहान, किशन वाधवानी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के संयोजक वैद्य डॉ. शोभालाल ऑदिच्य ने स्वागत किया। इस अवसर पर श्री गुरु डॉ. प्रदीप कुमावत का लाफ्टर माला एवं उपरणा पहनाकर अभिनंदन किया गया। आलोक संस्थान, हिरणमगरी के छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत “लाफ्टर डांस” ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान हास्य योग और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देने वाले विभिन्न प्रतिभागियों एवं सहयोगियों को कुल 16 पुरस्कार भी प्रदान किए गए। पूरा आयोजन हंसी, स्वास्थ्य, संगीत और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम बन गया, जिसने उदयपुरवासियों को तनावमुक्त जीवन का संदेश दिया।
वर्ल्ड लाफ्टर डे पर ठहाकों से गूंजी सहेलियों की बाड़ी, श्रीगुरु डॉ कुमावत ने खूब हंसाया
