38 वर्षों की पदयात्रा और 132 ‘दूज’ दर्शन का अद्भुत संकल्प, श्रद्धा और समर्पण की मिसाल
उदयपुर, 21 अप्रैल 2026। बाबा रामदेव पीर जी के प्रति अटूट आस्था और गहरी श्रद्धा रखने वाले समाजसेवी एवं बॉलीवुड फिल्म निर्माता तिलोकचंद कोठारी ने एक बार फिर रामदेवरा पहुंचकर बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पिछले 38 वर्षों से निरंतर पैदल यात्रा कर रहे कोठारी ने बताया कि उनकी हर मनोकामना बाबा रामदेव पीर की कृपा से पूर्ण होती रही है।
उन्होंने बताया कि वे पिछले 11 वर्षों से हर माह शुक्ल पक्ष की दूज के पावन अवसर पर, चाहे वे देश के किसी भी कोने में हों, हर हाल में रामदेवरा पहुंचकर बाबा के दर्शन करते हैं। अब तक वे 132 ‘दूज’ के मासिक दर्शन पूर्ण कर चुके हैं, जो अपने आप में अनुशासन, श्रद्धा और संकल्प का अनूठा उदाहरण है।
इस दौरान तिलोकचंद कोठारी ने बाबा रामदेव पीर के जीवन पर एक भव्य बॉलीवुड हिंदी फिल्म बनाने की घोषणा भी की। इस फिल्म में बाबा के जीवन से जुड़े धार्मिक, सामाजिक और जनकल्याण के कार्यों को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों तक उनके संदेश, चमत्कार और मानवता की भावना पहुंच सके।
कोठारी ने कहा कि उनकी यह यात्रा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि अटूट विश्वास और समर्पण का प्रतीक है। हर वर्ष सैकड़ों किलोमीटर की दूरी तय करते हुए वे तपती गर्मी, सर्द हवाओं और कठिन परिस्थितियों का सामना करते हैं, लेकिन उनकी आस्था उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
उल्लेखनीय है कि बाबा रामदेव पीर का जन्म विक्रम संवत 1409 में चैत्र सुदी पंचमी को जैसलमेर जिले के रामदेवरा में हुआ था। उन्होंने जीवनभर सामाजिक समरसता, समानता और मानव सेवा का संदेश दिया तथा पीड़ितों की सहायता कर जन-जन के देवता के रूप में प्रतिष्ठित हुए।
तिलोकचंद कोठारी, शालीमार प्रोडक्शंस लिमिटेड के माध्यम से फिल्म निर्माण क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनकी प्रमुख फिल्मों में मजनूं (2024), मकसद (2022) और परायी बेटी (2017) शामिल हैं। उनकी फिल्मों को दर्शकों द्वारा सराहा गया है और वे फिल्म निर्माण, वितरण व मीडिया व्यवसाय में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
बाबा रामदेव पीर की महिमा अब बड़े पर्दे पर तिलोकचंद कोठारी बनाएंगे भव्य बॉलीवुड फिल्म
