उदयपुर। लीला केयर फाउंडेशन के तत्वावधान में राजकीय टीबी हॉस्पिटल, बड़ी में मरीजों के परिजनों के लिए संचालित निःशुल्क ‘लीला रसोई’ ने सेवा के 100 दिन पूर्ण कर लिए। इस अवसर पर मरीजों के परिजनों एवं संस्था पदाधिकारियों ने मिलकर विशेष प्रभु भजन-कीर्तन किया तथा प्रसाद ग्रहण कर सेवा भावना का उत्सव मनाया।
फाउंडेशन के संरक्षक मूलचंद मोर ने बताया कि रसोई में मरीजों के परिजनों को पूरी तरह निःशुल्क एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाता है, जिसमें स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाता है। उन्होंने कहा कि भोजन तैयार करने से पहले प्रभु की आराधना की जाती है, जिससे सेवा में आध्यात्मिक भाव भी जुड़ा रहता है।
फाउंडेशन के निदेशक सीए पंकज अग्रवाल ने बताया कि यह रसोई उनकी माता श्रीमती लीला देवी मोर की स्मृति में प्रारंभ की गई है। उन्होंने कहा कि इस पहल को आगे बढ़ाते हुए संभाग के अन्य क्षेत्रों में भी ‘लीला रसोई’ का विस्तार किया जाएगा। साथ ही ‘लीला पढ़ाई’ योजना के तहत जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा में सहयोग प्रदान करने की भी योजना है।
फाउंडेशन की निदेशक सूची अग्रवाल ने बताया कि आगामी वर्षों में संस्था विभिन्न समाजसेवी एवं आर्थिक सहायता से जुड़े नए प्रकल्प शुरू करेगी, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाई जा सके। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि ऐसे जरूरतमंद प्रकल्पों की जानकारी फाउंडेशन तक पहुंचाएं, ताकि यथासंभव सहयोग दिया जा सकें।
लीला केयर फाउंडेशन की ‘लीला रसोई’ के 100 दिन पूरे, मरीजों के परिजनों के साथ मनाया सेवा उत्सव
