झीलों की नगरी उदयपुर में अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्षा श्रीमती सुमन जी नाहटा का प्रथम बार मेवाड़ संगठन यात्रा के अंतर्गत आगमन अत्यंत हर्ष और उत्साह का विषय बना। उनके इस ऐतिहासिक पदार्पण पर गोवर्धन विलास सेक्टर-14 स्थित बाबेल निवास में गरिमामय एवं भावपूर्ण स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य श्रीमती मिताली जैन के निदर्शन में तेरापंथ महिला मंडल, उदयपुर की सक्रिय पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आत्मीयता के साथ अभिनंदन किया। स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से संरक्षक इंदुबाला पोरवाल, प्रणिता तलेसरा (अणुव्रत समिति अध्यक्ष),सीमा बाबेल (निवर्तमान अध्यक्ष), मंजू इंटोडिया, प्रेमलता बाबेल, चंद्रकला नागौरी, रुषिका पोरवाल, नेहा चपलोत तथा मीनाक्षी भानावत शामिल रहीं।
सभी उपस्थित सदस्यों ने राष्ट्रीय अध्यक्षा का पुष्पमालाओं, अभिनंदन पत्र एवं मंगलभावनाओं के साथ हार्दिक स्वागत किया। इस अवसर पर संगठन की गतिविधियों, भविष्य की योजनाओं एवं महिला सशक्तिकरण के विभिन्न आयामों पर भी सार्थक चर्चा की गई।
विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय अध्यक्षा श्रीमती सुमन जी नाहटा की इस प्रथम मेवाड़ संगठन यात्रा में राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य श्रीमती मंजू जी भूतोड़िया भी साथ रहीं, जिनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक बढ़ाया।
राष्ट्रीय अध्यक्षा की यह दो दिवसीय मेवाड़ यात्रा उदयपुर से ही शुभारंभ हुई, जो संगठन के विस्तार, सुदृढ़ीकरण एवं नई ऊर्जा के संचार का प्रतीक है। यह यात्रा तेरापंथ महिला मंडल के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
