कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी से मची अफरा तफरी

—सुरक्षा एजेंसियों ने खाली कराया परिसर, जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला
—जिला सेशन न्यायाधीश को ईमेल के जरिए मिली थी धमकी
उदयपुर। जिला एवं सेशन न्यायालय में उस समय अफरा तफरी का माहौल हो गया जब एक साथ 5 बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल जिला सेशन न्यायधीश के पास आया। सुरक्षा के चलते पुलिस ने पूरे कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराया। पुलिस और बम स्कवायड़ टीमों ने मौके पर पहुंचकर सर्चिंग ऑपरेशन चलाया। हालांकि, जांच के बाद कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर पुलिस- प्रशासन ने राहत की सांस ली।


जिला एवं सेशन न्यायधीश (DJ) के ऑफिस की मेल आईडी पर सोमवार सुबह 6:32 बजे यह मेल आया। उसमें लिखा था कि कोर्ट परिसर में दोपहर 1 बजे एक साथ 5 बम ब्लास्ट होंगे। सुबह ऑफिस खुलने पर जब कर्मचारियों ने मेल देखा तो जिला एवं सेशन न्यायधीश को बताया। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट परिसर को खाली करवाया और सर्चिंग शुरू की। सोमवार होने की वजह से कोर्ट में काफी भीड़ थी, वकील अपनी फाइलों के साथ तैयार थे और लोग अपनी पेशी का इंतजार कर रहे थे। ऐसे में अचानक पुलिस के मूवमेंट से सब लोग घबरा गए।
ई-मेल पर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली : अचानक पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने एक-एक कर वकीलों और वहां आए सभी लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। हालांकि पुलिस ने बाद में सबको बताया कि ई-मेल पर दोपहर के समय कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस कारण कोर्ट परिसर को खाली करवाया।
कुछ ही मिनटों में कोर्ट रूम से लेकर बरामदे तक सन्नाटा पसर गया और लोग बाहर सड़कों पर जमा हो गए। जैसे ही लोग बाहर निकले, वहां पुलिस के बड़े अधिकारी और बम स्कॉयड की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस का भारी जाब्ता और कमांडो स्टाइल में हो रही हलचल को देख वहां मौजूद लोगों के बीच हड़कंप गया।
जांच के दौरान नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु : पुलिस के आला अधिकारियों और बम स्कॉयड की टीम ने तुरंत कोर्ट के अलग-अलग हिस्सों में जांच शुरू की। कोर्ट के कमरों से लेकर कैंटीन और पार्किंग एरिया तक, हर कोने को बारीकी से खंगाला गया। एटीएस की टीम ने भी संदेहास्पद जगहों पर अपनी जांच की। पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को घेर लिया और बारीकी से सर्चिंग की। हालांकि, टीमों को कही भी कुछ संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!