बीसीआई एवं गीतांजलि मेडिकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में भव्य हेल्थ टॉक शो आयोजित, विशेषज्ञों ने बताए स्वस्थ जीवन के सूत्र

उदयपुर। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आमजन को आधुनिक चिकित्सा से जोड़ने के उद्देश्य से बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) एवं गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) के संयुक्त तत्वावधान में विंधम गार्डन, भुवाणा में एक भव्य एवं ज्ञानवर्धक हेल्थ टॉक शो का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्धजन, व्यवसायी, बीसीआई सदस्य एवं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े अनेक लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के सीईओ ऋषि कपूर उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के कारण लोगों में विभिन्न प्रकार की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में समय-समय पर हेल्थ अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गीतांजलि हॉस्पिटल का प्रयास है कि केवल इलाज ही नहीं, बल्कि लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया जाए।

टॉक शो में कार्डियक केयर विषय पर अपने विचार रखते हुए उदयपुर के जाने माने हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय गांधी ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हृदय रोग आज के समय में एक गंभीर समस्या बनते जा रहे हैं, जिसका मुख्य कारण अनियमित दिनचर्या, जंक फूड का अत्यधिक सेवन, शारीरिक निष्क्रियता और मानसिक तनाव है। उन्होंने लोगों को नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, समय पर नींद और नियमित हेल्थ चेकअप की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि हृदय से जुड़े लक्षण जैसे सीने में दर्द, घबराहट, सांस लेने में तकलीफ आदि को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

वहीं न्यूरोलॉजी विषय पर अपने विचार साझा करते हुए डॉ. अनिश जुक्करवाला ने मस्तिष्क एवं तंत्रिका तंत्र से जुड़ी बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज के डिजिटल युग में लगातार स्क्रीन टाइम बढ़ने, नींद की कमी और मानसिक दबाव के कारण न्यूरोलॉजिकल समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने माइग्रेन, स्ट्रोक, एपिलेप्सी जैसी बीमारियों के लक्षण, कारण और उपचार के बारे में जागरूक किया। साथ ही उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य को संतुलित रखने के लिए ध्यान, योग और सकारात्मक सोच अपनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर जीएमसीएच के हेड-मार्केटिंग कल्पेश चन्द राजबर ने बताया कि इस प्रकार के हेल्थ टॉक शो का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक सही स्वास्थ्य जानकारी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल सदैव अत्याधुनिक सुविधाओं और अनुभवी चिकित्सकों के माध्यम से मरीजों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगे बताया कि भविष्य में भी बीसीआई के साथ मिलकर इस तरह के जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।

कार्यक्रम के दौरान इंटरएक्टिव सेशन भी आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने अपने स्वास्थ्य से जुड़े प्रश्न विशेषज्ञों से पूछे। डॉक्टरों ने सभी प्रश्नों के सरल एवं प्रभावी उत्तर देकर उपस्थित जनसमूह को संतुष्ट किया। इस संवादात्मक सत्र ने कार्यक्रम को और भी रोचक और उपयोगी बना दिया। कार्यक्रम में बीसीआई के पदाधिकारियों, सदस्यों, शहर के गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!