कोटा, 23 मार्च 2026। अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव की पुण्यतिथि पर शहीद दिवस के अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो, कोटा द्वारा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), कोटा में जागरूकता कार्यक्रम एवं मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में 23 मार्च 1931 के ऐतिहासिक बलिदान को याद करते हुए कहा कि शहीदों का त्याग आज भी देशवासियों के हृदय में देशभक्ति, साहस और समर्पण की भावना को जागृत करता है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में श्री प्रेम सिंह ने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा एवं ईमानदारी से करने का आह्वान किया। संस्थान के श्री धर्मेंद्र ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं श्री रामदत्त वैष्णव ने कहा कि शहीदों का जीवन हमें हर परिस्थिति में राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने की सीख देता है।
कार्यक्रम को रोचक बनाने हेतु शहीद दिवस विषय पर मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
