बारिश के बाद सड़कों के खस्ताहाल: वाहन चालकों के लिए सड़कों पर चलना हुआ दुश्वार, हादसे को आमंत्रण दे रही बड़गांव पुलिया 

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
 फतहनगर। फतहनगर क्षेत्र में इस मर्तबा अच्छी बारिश हुई। इससे पेयजल की समस्या का समाधान हो जाएगा लेकिन बारिश ने क्षेत्र में गांव की सड़कों को खस्ताहाल कर दिया है। व्यापारिक नगर फतहनगर को जोड़ने वाले लगभग सभी मार्ग बदहाल है। फतहनगर से बनेडिया वाया धोला का धनेरिया मार्ग सनवाड़ से आगे काफी खराब हो गया है। इस मार्ग पर चार पहिया वाहन हिचकोले खाते हुए चलते देखे जा सकते हैं। दो पहिया वाहन चालकों को भी खासी परेशानी हो रही है। खस्ताहाल मार्ग के कारण न केवल वाहनों को क्षति पहुंच रही है बल्कि यात्रा में लोगों को समय भी अधिक लग रहा है। कमोबेश ऐसी ही स्थिति फतहनगर से ईंटाली मार्ग पर भी है,जहाँ जोयडा पुलिया से पहले एवं इससे आगे बड़गांव कांटा तक सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि लोग परेशान हो चुके हैं। इतना ही नहीं बड़गांव के समीप बेडच नदी पर बनी पुलिया भी क्षतिग्रस्त पड़ी है। इस पुलिया के दोनों और वंशियां टूट चुकी है। बीच में पुलिया बैठ गई है। टूटी पुलिया पर एक साइड में दो पहिया वाहन चालक निकल रहे हैं। पुलिया इतनी क्षतिग्रस्त हो चुकी है कि चार पहिया वाहन चालक भी अपना वाहन  बेमुश्किल निकाल पाता है। इस पुलिया से वाहन निकालना काफी जोखिम भरा भी है। बावजूद इसके लोग जोखिम उठाकर वाहन निकाल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि 2006 में बारिश के दौरान बेड़च नदी में आए बहाव के चलते यह पुलिया पूरी तरह से टूट गई थी। उसे वक्त नवीन पुलिया का निर्माण कर मार्ग को सुचारु किया गया था। अब एक बार पुनः यह पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है। इस पुलिया की जल्द ही मरम्मत आवश्यक हो गई है। इस पुलिया पर भारी वाहन निकालना काफी जोखिम भरा है। रात्रि के समय अनजान वाहन चालक के लिए यह पुलिया खतरनाक है। फतहनगर से चंगेड़ी एवं आमली को जाने वाला मार्ग भी खस्ताहाल पड़ा है। लंबे समय से अधिकारियों का इस मार्ग की ओर ध्यान नहीं है। नगर की कृषि उपज मंडी में इस रास्ते कई गांवों का माल पहुंचता है। यह मार्ग भी अति व्यस्ततम है फिर भी यह मार्ग उपेक्षित बना हुआ है।
 कीरकी चौकी से मावली को जोड़ने वाली सड़क जो बड़गांव कांटा से होकर बड़गांव, आमली, खेमपुर होकर तहसील मुख्यालय मावली को जाती है, रोहिड़ा गांव में यह सड़क काफी खस्ता हाल है। इस सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं जिनमें पानी भरा रहता है। गढ्ढों के कारण मच्छरों की यहां भरमार है,वहीं चार पहिया वाहन चालकों को इस मार्ग से निकलने में मुश्किलें आती है। गांव के हीरालाल मेनारिया ने बताया कि कई बार उच्च अधिकारियों को बताया भी गया लेकिन इस मार्ग पर अधिकारियों का ध्यान नहीं होने से क्षेत्र के लोग काफी परेशान हैं।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!