उदयपुर/ नवरात्रि के अंतिम दिन माता रानी की आराधना के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी शहर जिला द्वारा नवरात्रि गरबा महोत्सव का भव्य आयोजन शुभ केसर गार्डन में किया गया। मीडिया प्रभारी डॉ सीमा चंपावत ने बताया कि
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 4 बजे माता की आरती के साथ हुआ, जिसके पश्चात बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक गरबा कर मां की भक्ति में अपना योगदान दिया।
इस अवसर पर विधायक फूल सिंह मीणा ने कहा कि “नारी शक्ति का पर्व मां की आराधना के बिना अधूरा है। इतनी बड़ी संख्या में मातृशक्ति द्वारा सामूहिक गरबा करना इस आयोजन की भव्यता को दर्शाता है। मां की कृपा सभी पर निरंतर बनी रहे।”
भाजपा शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी शहर जिला द्वारा पहली बार किया गया यह नवाचार भक्ति और शक्ति का प्रतीक है। साथ ही यह ‘फिट इंडिया मिशन’ को भी आगे बढ़ाता है। गरबा करने से ऑक्सीटोसिन हार्मोन का स्राव होता है, जिससे व्यक्ति प्रसन्नचित और चिंता-मुक्त रहता है तथा स्वास्थ्य लाभ भी प्राप्त करता है।”
सहकारिता प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर ने अपने उद्बोधन में कहा कि “भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यक्रमों की निरंतरता बनाए रखते हुए आज माता रानी की आराधना के साथ यह आयोजन कर रही है। यह सबसे बड़ा सनातन पर्व है, जो सभी में नवीन ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करता है।”
सांस्कृतिक प्रकोष्ठ जिला संयोजक दिलीप सिंह राठौड़ ने कहा कि माता रानी के नवरात्रि उत्सव पर भारतीय जनता पार्टी,शहर जिला उदयपुर द्वारा आयोजित गरबा महोत्सव कार्यक्रम में सम्मानित वरिष्ठजन, सांसद,विधायक,जिला पदाधिकारी, मण्डल पदाधिकारी,पार्षद उपरोक सभी वर्तमान व पूर्व शक्तिकेंद्र संयोजक,बूथ अध्यक्ष सहित ज्येष्ठ श्रेष्ठ कार्यकर्ताबंधु आप सभी की गरिमामयी उपस्थिति ने इस कार्यक्रम को सफल बनाया।
शहर जिला महामंत्री देवीलाल सालवी ने आयोजन को समग्रता देते हुए आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर 2025 को प्रातः 8.30 बजे गुलाब बाग स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा प्रातः 9.30 बजे पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की प्रतिमा शास्त्री सर्कल पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिसमें प्रमुख वक्ता के रूप में पूर्व उप महापौर लोकेश द्विवेदी अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इसके पश्चात प्रातः 9:30 बजे शास्त्री सर्कल स्थित पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस अवसर पर सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सागर मुख्य वक्ता के रूप में संगोष्ठी को संबोधित करेंगे।
