उपभोक्ताओं को बताए साइबर ठगी से बचने के उपाय

डिजिटल भुगतान जागरूकता सप्ताह
उदयपुर 17 मार्च। पंजाब नैशनल बैंक की ओर से 10 से 16 मार्च तक डिजिटल भुगतान जागरूकता सप्ताह मनाया गया।
जागरूकता सप्ताह के दौरान बैंक की प्रत्येक शाखा में विद्यार्थियों/आम जनता को डिजिटल भुगतान के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। डिजिटल भुगतान से संबंधित साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। उपभोक्ताओं को करने योग्य तथा न करने योग्य बातें बताई गईं। इससे पूर्व बैंक द्वारा एसएमएस के माध्यम से अपने ग्राहकों को पीएनबी वन ऐप पर रजिस्टर करने, साइबर धोखाधड़ी से सावधान रहने और किसी भी प्रकार के संदिग्ध एसएमएस या कॉल का जवाब न देने के लिए आगाह किया। साइबर धोखाधड़ी/घटनाओं की रिपोर्ट बैंक में करने की सलाह दी गई। जागरूकता सप्ताह के दौरान बैंक की सभी शाखाओं एवं बीसी लोकेशन पर भी ग्राहकों को डिजिटल भुगतान के प्रति जागरूक किया गया।

अब यूडीए में भी हर माह के तीसरे बुधवार को होगी जनसुनवाई
आमजन की परिवेदनाओं का होगा त्वरित निस्तारण

उदयपुर, 17 मार्च। आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रशासनिक सुधार विभाग की ओर से आयोजित की जाने वाली त्रिस्तरीय जनसुनवाई की तर्ज पर अब उदयपुर विकास प्राधिकरण भी जनसुनवाई करेगा।
यूडीए सचिव हेमेन्द्र नागर ने बताया कि अब प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार को सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक प्राधिकरण स्तर पर विशेष जनसुनवाई होगी। इसमें संभागीय आयुक्त एवं यूडीए अध्यक्ष सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी की अध्यक्षता में जनसुनवाई करते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। विशेष जनसुनवाई व्यवस्था से प्राधिकरण क्षेत्र में रहने वाले सभी लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उनकी बिजली-पानी, सफाई व्यवस्था सहित अन्य सभी तरह की समस्याओं को त्वरित एवं पारदर्षितापूर्ण निस्तारण किया जा सकेगा।

जिला पेंशन प्रकरण निस्तारण समिति की बैठक 19 को
उदयपुर, 17 मार्च। जिला पेंशन प्रकरण निस्तारण समिति की बैठक बुधवार 19 मार्च को अपराह्न 4 बजे जिला कलक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगी। समिति के सदस्य सचिव एवं जिला कोषाधिकारी (ग्रामीण) ने सभी विभागीय अधिकारियों को सेवानिवृत कर्मचारियों व अधिकारियों की सूचना निर्धारित प्रपत्र में 18 मार्च तक प्रेषित करने तथा बैठक में नियत तिथि को आवश्यक सूचनाओं के साथ उपस्थित रहने को कहा है।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!