प्रतीक जैन
खेरवाड़ा, उपखंड नयागांव के थाणा गांव के संत सरोवर पाल पर स्थित सुरम्य धर्मस्थली के पवित्र धाम नीलकंठ महादेव मंदिर के पंचम पाटोत्सव का भव्य आयोजन गुरुवार को हुआ। मंदिर प्रबंधन एवं विकास समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आचार्य शास्त्री देवी लाल जोशी एवं सह आचार्य पंडित बलदेव व्यास के सानिध्य में प्रातः 8:00 बजे लघु रुद्र पूजन संपादित किया गया। दोपहर में 1:00 बजे गाजे बाजे के साथ महादेव के गगनचुंबी जयकारों के साथ पूर्णाहुति की गई जिसमें यजमानों द्वारा आहुतियां अर्पित की गई एवं तत्पश्चात पूरे साज आवाज के साथ श्रद्धालुओं द्वारा संगीतमई महाआरती की गई तथा शाम महाप्रसाद का आयोजन किया गया। रात्रि में प्रसिद्ध भजन गायक अलका शर्मा एवं भक्त मंडली की मधुर वाणी में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया जिसमें भक्तगण झूमते गाते नाचते नजर आए। समारोह आयोजन समिति के आयोजकों ने बताया कि आसपास क्षेत्र नयागांव, थाना, पहाड़ा, आडीवली, करावाड़ा, डेचरा,विजयनगर आदि के सैकड़ों धर्मावलंबियों ने उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त किया।
नीलकंठ महादेव मंदिर पर पंचम पाटोत्सव का भव्य आयोजन
