डूंगरपुर, 18 जून (ब्यूरो). शहर के महारावल स्कूल के पास फॉल्ट ठीक कर रहे लाइनमैन की करंट लगने के मामले ने तुल पकड़ लिया है। अब बिजली निगम के कर्मचारियों ने प्रशासनिक स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है। निगम कर्मचारियों ने लाइनमैन की गैर इरादतन हत्या का मामला बताते हुए मंगलवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। दोषी स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपा। अजमेर विद्युत वितरण निगम श्रमिक संघ के बैनर तले मंगलवार को निगम कर्मचारी अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर एकत्रित हुए। लाइनमैन विनायक पाटीदार की मौत पर आक्रोश जताया। कर्मचारियों ने बताया कि 15 जून को लाइनमैन विनायक पाटीदार शट डॉउन लेकर शहर में महारावल स्कूल के पास पोल पर चढ़कर फॉल्ट ठीक कर रहा था। इस दौरान अचानक लाइन चालू कर दिए जाने से विनायक पाटीदार को करंट लगा और वह झटके से पोल से गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में निगम कर्मचारियों ने डूंगरपुर शहर उपखंड के प्रशासनिक वर्ग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। वहीं निष्पक्ष जांच की मांग रखी। कर्मचारियों ने कहा कि विनायक पाटीदार की गैर इरादतन हत्या हुई है। इसमें जो भी अधिकारी दोषी हो उसे बर्खास्त किया जाना चाहिए। इस दौरान राजेंद्र यादव, कैलाश यादव, बाबूलाल हडात जयंती कटरा, जगदीश पाटीदार, हरीश डामोर, राजकुमार मीणा, शैलेश, गजेंद्र सिंह, धनराज प्रजापत, वीरेंद्र भट्ट, पंकज भट्ट, लोकपाल सिंह, मदन पाटीदार, सलीम खान चावड़ा ,लक्ष्मण पटेल ,राजेश पटेल और लोकेंद्र सिंह राठौड़ मौजूद रहे।
लाइनमैन की मौत का मामला: दोषियों को बर्खास्त करने की बिलजी निगम के कर्मचारियों ने की मांग, एसई ऑफिस के बाहर प्रदर्शन
