डूंगरपुर, 12 जून । कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर के वसुंधरा विहार कॉलोनी में बीती रात को चोरों ने एक निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाते हुए करीब डेढ़ लाख के वायर चुरा लिए। घटना की सूचना बुधवार सवेरे मकान मालिक को मिलने के बाद पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पीड़ित मोहनपाल सिंह ददोडीया ने बताया कि उसके मकान का निर्माण वसुंधरा विहार कॉलोनी में बीएल सिनेमा के पीछे चल रहा है। वर्तमान में मकान में इलेक्ट्रिक का काम चल रहा है। वहां से महज 200 मीटर की दूरी पर ही एसपी ऑफिस भी मौजूद है। बीती रात को अज्ञात चोर बाहर लटक रहे इलेक्ट्रिक वायर को पकड़कर मकान की पहली मजनील पर चढ़े जहां पर पहले चोरों ने जगह-जगह फिटिंग किए वायरो को काटा, उसके बाद दूसरी मंजिल पर चढ़े तो वहां पर उनको इलेक्ट्रिक वायर के करीब डेढ़ लाख रुपए के बॉक्स मिल गए, जो चोर चुरा कर ले गए। मकान मालिक जब बुधवार सुबह में अपने मकान पर पहुंचा और ताला खोलकर अंदर गया तो चोरी की वारदात का पता चला जिसके बाद उसने तुरंत कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। जिस पर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौका मुआयना कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
एसपी ऑफिस से करीब 200 मीटर की दूरी पर निर्माणाधीन मकान में चोरी, डेढ़ लाख के बिजली के वायर हुए चोरी
