फागोत्सव में गूंजे रसिया गान, पुष्पों से खेली होली

-नववर्ष शोभायात्रा व धर्मसभा की तैयारियां जारी
उदयपुर, 12 मार्च। भारतीय नववर्ष समाजोत्सव समिति के तत्वावधान में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर 9 अप्रैल को होने वाली कलश यात्रा, शोभायात्रा व धर्मसभा की तैयारियां जारी हैं। विभिन्न समाजों में सम्पर्क कर कार्यक्रम में सहयोग के लिए आग्रह किया जा रहा है। इसी बीच, समाजोत्सव की महिला टोली की ओर से होली के उपलक्ष्य में फागोत्सव का भी रंगारंग आयोजन रखा गया।
हिरण मगरी सेक्टर-4 स्थित विद्या निकेतन विद्यालय परिसर में आयोजित फागोत्सव में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। गाजे-बाजे के साथ फाग गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। पारम्परिक फागणिया साड़ी पहन कर आईं महिलाओं ने भगवान श्रीकृष्ण के फाग गीतों पर जमकर नृत्य किया और रंगबिरंगे पुष्पों से होली खेली। सोमवार देर शाम तक चले फागोत्सव में 400 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया।
उपस्थित मातृ शक्ति को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक आनंद प्रताप सिंह ने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन के लिए बड़ा परिश्रम लगता है। साथ ही, मातृशक्ति के सहयोग के बिना कार्यक्रम की रचना अपूर्ण होती है। पिछले दो वर्षों में उदयपुर शहर ने नववर्ष के आयोजन ने इतिहास रचा है और इसमें मातृशक्ति की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही है। यही क्रम आगे भी जारी रहना चाहिए। कार्यकर्ताओं का प्रयास रहे कि हर परिवार तक हम पहुंच सकें और पूरे समाज को एक साथ ला सकें।
मंच पर समाजोत्सव समिति के संयोजक रविकांत त्रिपाठी, संरक्षक कपिल चित्तौड़ा, सह संयोजिका रजनी डांगी, अंजू सोनी, पिंकी मांडावत एवं अलका मूंदड़ा उपस्थित थीं। अंत में नववर्ष आयोजन के निमित्त कार्य योजना और कार्य विभाजन पर चर्चा हुई।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!