उदयपुर जिले में नगरीय निकाय चुनाव 2026 की तैयारियां तेज, मतदान दलों के प्रशिक्षण और सामग्री वितरण का कार्यक्रम घोषित

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 3 सितम्बर। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उदयपुर जिले में नगरीय निकायों के आम चुनाव दो चरणों में आयोजित किए जा रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने इस संबंध में एक आधिकारिक आदेश जारी कर बताया कि उदयपुर नगर निगम सहित भीण्डर, कानोड़, वल्लभनगर, मावली और फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिकाओं के लिए मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के तहत मतदान दल जिला मुख्यालय से दिनांक 08 सितंबर और 10 सितंबर 2026 को अंतिम प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद तय स्थानों से चुनाव सामग्री लेकर अपने-अपने गंतव्य केंद्रों के लिए रवाना होंगे।
चुनाव के पहले चरण में 08 सितंबर 2026 को नगरपालिका भीण्डर, वल्लभनगर और फतहनगर-सनवाड़ के मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण नगर निगम उदयपुर के सुखाड़िया रंगमंच पर आयोजित किया जाएगा। इसके बाद भीण्डर नगरपालिका के दल भैरव राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से, वल्लभनगर के दल पंचायत समिति कार्यालय से और फतहनगर-सनवाड़ के दल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सनवाड़ से अपनी मतदान सामग्री प्राप्त करेंगे। इसी प्रकार दूसरे चरण में 10 सितंबर 2026 को नगरपालिका कानोड़ और मावली के मतदान दलों को नगर निगम के दीनदयाल सभागार में अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद कानोड़ के दल पं. उदय जैन महाविद्यालय से और मावली के दल पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से सामग्री लेंगे। इसी दिन उदयपुर नगर निगम के मतदान दलों का प्रशिक्षण सुखाड़िया रंगमंच पर होगा और वे राजस्थान कृषि महाविद्यालय से अपनी चुनाव सामग्री प्राप्त कर प्रस्थान करेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि मतदान केंद्रों और मुख्यालयों पर चुनाव कर्मियों की सुविधा के लिए बिस्तर, साफ-सफाई से युक्त शौचालय, स्वच्छ पेयजल, बिजली और इन्वर्टर जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। इन संपूर्ण व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए उदयपुर नगर निगम क्षेत्र के मतदान केंद्रों हेतु नगर निगम आयुक्त को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं नगरपालिका क्षेत्रों के केंद्रों के लिए स्थानीय निकाय विभाग के उपनिदेशक को नोडल अधिकारी तथा संबंधित नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह सभी अधिकारी मतदान दलों के ठहरने के कक्षों का निर्धारण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!