भाजपा का नगरीय विकास संकल्प-पत्र शहरों को बनाएगा आधुनिक, स्वच्छ,सुविधा संपन्न— पटेल

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए संकल्प-पत्र केवल चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि शहरों के विकास एवं नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का संकल्प है। वे गुरुवार को यहां होटल हिस्टोरिया रॉयल में प्रेसवार्ता के दौरान आगामी नगर निकाय चुनाव-2026 के दृष्टिगत भाजपा द्वारा जारी नगरीय विकास संकल्प-पत्र 2026 के विमोचन के बाद भावी योजनाओं के बारे में बता रहे थे। पटेल ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित, सुविधासंपन्न एवं विकसित बनाते हुए सशक्त शहर–समृद्ध राजस्थान के संकल्प को साकार करना है। उन्होंने बताया कि भाजपा के नगरीय विकास संकल्प-पत्र 2026 में आगामी पांच वर्षों में नगरीय क्षेत्रों के विकास के लिए महत्वपूर्ण संकल्प लिए गए हैं। इनमें 1 लाख आवासीय भूखंड हर वर्गों के लिए उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य, शहरी परिवारों तक 7 लाख से अधिक PNG कनेक्शन पहुंचाने का लक्ष्य, महिलाओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए 2,000 पिंक टॉयलेट का निर्माण, नए एवं बाहरी रिहायशी क्षेत्रों सहित नगरीय क्षेत्रों में 15 लाख स्ट्रीट लाइट लगाने तथा वार्डों में एलईडी प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने का संकल्प, डंपिंग साइटों पर जमा लेगेसी वेस्ट का 100 प्रतिशत वैज्ञानिक निस्तारण, अगले पांच वर्षों में लगभग 3,000 किलोमीटर पुरानी सीवरेज लाइनों की मरम्मत एवं विस्तार, सीवर एवं मैनहोल की सफाई के लिए रोबोटिक 3-in-1 मशीनों एवं डिजिटल गैस डिटेक्टर जैसी आधुनिक तकनीक का उपयोग, प्रत्येक निकाय में स्ट्रीट वेंडर्स के लिए सुविधायुक्त आधुनिक वेंडिंग जोन विकसित करना, पंजीकृत स्ट्रीट वेंडर्स, सीएनजी ऑटो एवं टैक्सी चालकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बीमा कवर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य, शहरों की पार्किंग समस्या के समाधान के लिए मल्टीलेवल एवं सामूहिक पार्किंग विकसित करना, बड़े शहरों में रिंग रोड, फ्लाईओवर, अंडरपास एवं आवश्यकतानुसार यातायात सुविधाओं का विकास, सभी नगर निगम क्षेत्रों में पर्यावरण अनुकूल ई-बस सेवा को बढ़ावा देना तथा ईवी चार्जिंग पोइंट विकसित करना, सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्रबंधन के लिए सीसीटीवी व्यवस्था को मजबूत करने तथा अभय कमांड सेंटरों को AI तकनीक से जोड़ने की दिशा में कार्य, पार्कों में ओपन जिम, मॉर्निंग वॉक ट्रैक एवं योग सुविधाएं विकसित करना, नगरीय क्षेत्रों में नगर वन, लवकुश वाटिका एवं स्मृति वन विकसित करना, युवाओं के लिए आवश्यकता के अनुसार ई-लाइब्रेरी, रोजगार मेले एवं इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू करना, प्राथमिक एवं सामुदायिक चिकित्सा केंद्रों को आधुनिक हेल्थ एंड वेल्नेस सेंटर के रूप में विकसित करना, जिलों के मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशलिटी यूनिट्स विकसित करने की दिशा में कार्य, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से शहरी घरों की छतों पर सोलर प्लांट को बढ़ावा देना, विस्तारित नगरीय क्षेत्रों एवं नए शामिल गांवों में सड़क, पेयजल, सीवरेज, बिजली, रोड लाइट, सफाई एवं कचरा संग्रहण जैसी मूलभूत सुविधाएं चरणबद्ध रूप से उपलब्ध कराना, ऐतिहासिक धरोहरों, हवेलियों, धार्मिक स्थलों, तालाबों एवं पर्यटन स्थलों के संरक्षण एवं विकास पर विशेष जोर, शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे घरेलू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य, सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से सफाई कर्मचारियों की भर्ती एवं आधुनिक सफाई व्यवस्था विकसित करना शामिल है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुनाव संचालन समिति के सदस्य राजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि भाजपा ने शहरी क्षेत्रों की मूलभूत आवश्यकताओं के साथ-साथ भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक विकास का रोडमैप तैयार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह संकल्प-पत्र केवल घोषणाओं का दस्तावेज नहीं है, बल्कि नगरीय क्षेत्रों में आने वाले वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया विकास का व्यापक रोडमैप है। इसका उद्देश्य शहरों में मूलभूत सुविधाओं के साथ आधुनिक शहरी अधोसंरचना, स्वच्छता, यातायात, पर्यावरण, स्वास्थ्य, सुरक्षा, रोजगार एवं नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा का स्पष्ट संकल्प है कि हर वार्ड विकास की मूल इकाई बने और प्रत्येक नागरिक तक विकास एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। शहरों का सुनियोजित विकास करते हुए राजस्थान को विकसित एवं समृद्ध बनाने की दिशा में भाजपा पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सी.पी. जोशी, जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, भाजपा संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़,शहर विधायक ताराचंद जैन एवं ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, पूर्व महापौर जीएस टांक, रजनी डांगी, शहर महामंत्री देवीलाल सालवी, मीडिया संभाग प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल,जिला मिडिया प्रभारी कृष्णकांत कुमावत, निकाय प्रकोष्ठ के संभागीय संयोजक नानालाल वया कमल कुमावत सहित भाजपा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!