लोकसभा आम चुनाव- 2024
जिले में स्वीप गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर हुई चर्चा
लोकतंत्र के पर्व में अधिक से अधिक जनभागीदारी के लिए विभिन्न विभागों को सौंपे दायित्व
उदयपुर, 12 मार्च। आगामी लोकसभा चुनाव-2024 के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अरविंद पोसवाल के निर्देशन में उदयपुर जिले में लोकतंत्र के प्रति अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्वीप प्रकोष्ठ के कमर कस ली है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला परिषद सभागार में स्वीप प्रकोष्ठ की प्रभारी जिला परिषद सीईओ श्रीमती कीर्ति राठौड़ की अध्यक्षता में सभी जिला संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में श्रीमती राठौड़ ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समन्वय स्थापित करते हुए स्वीप गतिविधियों में सहभागिता निभाने की बात कही और अपने विभागीय कार्यक्रमों में मतदाता जागरूकता गतिविधियों को शामिल करने पर जोर दिया। बैठक में स्वीप गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने, मोबाइल वाटर एप डाउनलोड करने, विभिन्न प्रतियोगिताएं, जागरूकता रैलियां एवं अन्य कार्यक्रमों के द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने पर जोर दिया गया। वहीं सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म के माध्यम से मतदान की अपील करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाने की बात पर भी विचार हुआ।
बैठक में विभिन्न विभागों को विभिन्न गतिविधियों का कैलेंडर बनाकर कार्यक्रम निर्धारित करने हेतु निर्देशित किया गया। अपने विभाग के कार्मिकों एवं अधिकारियों को भी मतदान की शपथ दिलाने तथा स्कूल-कॉलेज में संकल्प पत्र भरवा कर मतदान की अपील करने जैसी गतिविधियां निरंतर आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिले में बैंक की सभी शाखाओं, एटीएम, बीसी पॉइंट आदि पर बैनर पोस्टर के माध्यम से मतदान अवश्य करने के लिए प्रेरित करने, जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों के बीच एवं औद्योगिक संगठनों के साथ कार्यक्रम निर्धारित करने को कहा गया। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अधिकारियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फॉलोवर्स बढ़ाने, ऑनलाइन क्विज आयोजित करने जैसे कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाने के निर्देश दिए। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अल्पसंख्यक विभाग सहित अन्य विभागों को अपने-अपने स्तर पर स्वीप गतिविधियों की रूपरेखा तैयार कर लगातार कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
एनजीओ बैठक 15 को
आगामी लोकसभा चुनाव की दृष्टिगत आम नागरिकों को निर्वाचन संबंधी विषयों की समय-समय पर जानकारी प्रदान करने एवं निर्वाचन प्रक्रिया में शत प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु उदयपुर शहर में कार्यरत समस्त सरकारी व गैर सरकारी संगठन के पदाधिकारी की बैठक 15 मार्च अपराह्न 3 बजे जिला परिषद सभागार में जिला परिषद सीईओ एवं प्रकोष्ठ प्रभारी श्रीमती कीर्ति राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित होगी।
लोकसभा चुनाव में 75 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य लेकर स्वीप प्रकोष्ठ ने कसी कमर
