पुलिस की लापरवाही से छूटे पोक्सो मामले के आरोपी

ग्रामीणों ने ओगणा कस्बा बंद कराया, थाने का किया घेराव
उदयपुर। जिले के ओगणा कस्बे में आदिवासी परिवार की स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार आरोपियों की जमानत पुलिस की लापरवाही के चलते हो जाने से ओगणावासी आक्रोशित हो उठे। गुरुवार को ओगणा के ग्रामीणों ने जहां थाने का घेराव किया, वहीं व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखी। ग्रामीणों में बढ़ते आक्रोश के चलते आसपास चार थानों का जाब्ता बुलाकर ओगणा में तैनात किया गया। इधर, अदालत ने पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार आरोपियों को इसलिए जमानत अर्जी मंजूर कर ली कि पुलिस ने केस डायरी में आरोपियों के गिरफ्तार किए जाने का कारण ही नही लिखा। इसे अदालत ने पुलिस की लापरवाही माना और थानाधिकारी उत्तम सिह के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक को लिखा गया।
उधर, ओगणावासियों ने इस मामले में पुलिस पर बदमाशों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होने आरोपियों को पकड़ने के साथ पुलिस के हवाले किया। पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया, जिसमे जमानत मिलना आसान नहीं। इसके बावजूद पुलिस की लापरवाही के चलते आरोपी रिहा हो गए। ग्रामीणों के आह्वान पर दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे तथा बाजार नहीं खुले। इधर, भाजपा सहित विभिन्न हिन्दू संगठनों ने सारे पुलिस थाने को लाइनहाजिर किए जाने की मांग की।
ओगणावासियों को गुरुवार सुबह आरोपियों के रिहा किए जाने की जानकारी मिली तो सभी गांव में एकत्रित हो गए। जिसके बाद टायर जलाकर प्रदर्शन किया और रैली के रूप में ग्रामीण नारेबाजी करते हुए थाने पहुंचे तथा वहां थाने की घेराबंदी कर प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक ने कस्बे की शांति व्यवस्था के लिए ऋषभदेव के उप अधीक्षक हेरंभ जोशी को ओगणा भेजा है। उन्हेांने बताय कि फिलहाल कस्बे में शांति कायम है। किन्तु मौके की नजाकत को देखते हुए चार थानों का जाब्ता तैनात किया गया है।
यह था मामला
दो दिन पहले ओगणा कस्बे की तीन स्कूली नाबालिग छात्राएं स्कूटी में पेट्रोल भरवाने के बाद घर लौट रही थी। तभी भटवाड़ा के समीप सुनसान स्थान पर मिले आरोपी मोहम्मद जावेद, अहमद फराज, शाहरूख और तौफिक ने छात्राओं को रोककर उनसे छेड़छाड़ एवं अश्लील हरकतें कीं। तभी वहां कस्बे का युवक आ गया और आरोपी भाग निकले। आरोपी जावेद एक छात्रा के घर जाकर उसे उठाकर ले जाने की धमकी तक दी। घटना से डरी सहमी छात्राओं ने परिजनों को यह बात नहीं बताई लेकिन घटनास्थल पर आए युवक के बताए जाने से यह बात ग्रामीणों में फैल गई। जिस पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और मंगलवार को आरोपियों में से एक युवक उनकी पकड़ में आ गया और उसकी जमकर पिटाई करते हुए थाने ले गए। ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया तथा आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने उसके बाद तीन अन्य आरोपियों को भी ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया था। जिन्हें अदालत में पेश किया। केस डायरी में उनकी गिरफ्तारी का कारण नहीं बताए जाने के चलते न्यायाधीश ने उनकी जमानत अर्जी मंजूर कर उन्हे रिहा करने के आदेश दिए थे। उनकी रिहाई के चलते समूचे गांव के लोग आक्रोशित हैं।
फोटो कैप्शन … पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार आरोपी जो पुलिस की लापरवाही के चलते जमानत पर रिहा हो गए।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!