निगम की बैठक में स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को उप महापौर ने लगाई लताड़

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 04 जनवरी(ब्यूरो): नगर निगम उदयपुर में गुरुवार को साधारण सभा की बैठक हुई। इसमें एक दर्जन से अधिक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई। जिसमें स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के सिवरेज के कार्य को लेकर उप महापौर सहित ज्यादातर विधायकों ने गंभीर आरोप लगाए।
उप महापौर पारस सिंघवी ने सिवरेज के कार्य को लेकर अधिकारियों को जिम्मेदारी तय करने की बात कही तो भाजपा ही नहीं, बल्कि विपक्षी पार्षदों ने भी सिंघवी की बात का समर्थन किया। सिंघवी ने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को काम में देरी तथा लापरवाही को लेकर जमकर लताड भी लगाई। बैठक में निगम के जारी अतिक्रमण हटाए जाने के अभियान को लेकर विपक्ष के पार्षदों ने सवाल उठाए और कहा कि छोटे कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है, किन्तु बड़े कारोबारी तथा शोरूम मालिकों के खिलाफ अतिक्रमण नहीं हटाए जा रहे। कांग्रेस के पार्षदों ने बतौर सबूत फोटो भी लहराते हुए बताया। कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि कोर्ट से जिला कलक्टर बंगले तक पहले रोड पर डिवाइडर बनाए गए थे, जो दुर्घटना के चलते हटा दिए गए। जहां कुछ शोरूम मालिकों ने एक तिहाई से अधिक सड़क पर कब्जा किया हुआ है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।
आशीष कोठारी बने निर्माण समिति अध्यक्ष
नगर निगम की निर्माण समिति के अध्यक्ष रहे ताराचंद जैन के विधायक बनने बाद यह पद खाली था। अब भाजपा पार्षद आशीष कोठारी को इसका अध्यक्ष् बनाया गया है।
पार्षदों को रियायती दर पर मिलेंगे भूखंड
नगर निगम की बैठक में पार्षदों को रियायती दर पर भूखंड दिए जाने का प्रस्ताव रखा गया। जिसे एकमत से स्वीकार कर लिया गया। वित्तीय स्वीकृति के लिए इस प्रस्ताव को राज्य सरकार के पास भेजा जाएगा।
कांग्रेसी पार्षदों ने लगाया सौतेले व्यवहार का आरोप
बैठक में कांग्रेस के पार्षदों ने भाजपा बोर्ड पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। उनका कहनाथा कि आचार संहिता के दौरान भाजपा पार्षदों के वार्डों में काम हुए थे। जबकि निगम उनके वार्डों में होने वाले कार्यों तक की जानकारी नहीं देती।
विधायक जैन तथा मीण का सम्मान नहीं हो पाया
नगर निगम की इस बैठक में उदयपुर शहर विधायक तथा उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलचंद मीणा का सम्मान किया जाना था। बैठक में उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा नहीं पहुंच पाए। जिसके चलते दोनों विधायकों के भव्य स्वागत का कार्यक्रम नहीं हो पाया। हालांकि बैठक की समाप्ति पर शहर विधायक ताराचंद जैन का महापौर जीएस टांक, उप महापौर पारस सिंघवी तथा भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने स्वागत किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!