उदयपुर में 20 वर्षों के कुशासन का होगा अंत-प्रोफेसर गौरव वल्लभ 

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

– सूरजपोल से जगदीश चौक तक की निकाली विशाल पैदल यात्रा
उदयपुर। बुधवार को उदयपुर शहर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी प्रोफेसर गौरव वल्लभ के समर्थन में एक विशाल पत्रयात्रा निकली. इस पदयात्रा में पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ ही युवा, महिलाएं समाज के हर वर्ग के हजारों लोगों ने हिस्सा लिया. सूरजपोल से निकल कर बापू बाजार, देल्ही गेट, धानमंडी, मार्शल चौराहा, बड़ा बाजार, सिंधी बाजार, घंटा घर होते हुए जगदीश चौक पहुंच कर पदयात्रा का समापन हुआ. इस दौरान प्रोफेसर गौरव वल्लभ पूरे आत्मविश्वास से लबरेज दिखे. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से समाज के हर वर्ग के लोगों का समर्थन मिल रहा है, उससे यह तय हो गया है कि उदयपुर में 20 साल से कुशासन का अंत होगा. उदयपुर में गौरव वल्लभ नहीं बल्कि उदयपुर का हर एक व्यक्ति विधायक होगा. सभी के साथ मिल कर उदयपुर को देश का सबसे सुंदर शहर बनाने की दिशा में कार्य किया जायेगा.


अब 25 नहीं 50 लाख रुपये का हो सकेगा नि:शुल्क इलाज, 400 रुपये में मिलेगा गैस सिलेंडर : 
जगदीश चौक पहुंच कर प्रोफेसर गौरव वल्लभ ने कहा कि कांग्रेस की वह पार्टी है जो गरीबों के बारे में सोचती है. उन्होंने कहा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने चिरंजीवी योजना के तहत हर गरीब का 25 लाख रुपये तक का इलाज बेस्ट हॉस्पिटल में करवा कर लोगों की जान बचाई है. इस बार राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनने पर 25 के बजाय 50 लाख रुपये का नि:शुल्क इलाज करवाने की बात कही. साथ ही कहा कि देश में जहां 1150 रुपये में गैस सिलेंडर मिल रहे हैं, वहीं राजस्थान में चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस की सरकार सिर्फ 400 रुपये में गैस सिलेंडर देगी. कहा कि कांग्रेस जो कहती है वह करके दिखाती है. ओल्ड पेंशन स्कीम इसका उदाहरण है.

भाजपा के प्रत्याशी ताराचंद जैन जी घबरा गये हैं, चुनाव जीतने के बाद उनका भी आशीर्वाद लूंगा : प्रोफेसर गौरव वल्लभ ने अपनी पदयात्रा व भाषण के दौरान कहा कि भाजपा के प्रत्याशी ताराचंद जैन घबरा गये हैं. अपनी हार सुनिश्चित देख कर वे ब्राह्मणों को अपशब्द बोलने लगे हैं. उदयपुर के प्रति ना ही अपनी कोई नीति बताते हैं और ना ही कोई नीयत बताते हैं कि वे उदयपुर के विकास के लिए क्या करना चाहते हैं. कहा कि भले ताराचंद जैन उन्हें, उनकी जाति, ब्राह्मण समुदाय को गाली दें, लेकिन वे कभी भी उनका अपमान नहीं करेंगे. चुनाव जीतने के बाद वे ईश्वर का आशीर्वाद तो लेंगे ही, ताराचंद जैन से भी आशीर्वाद लेने उनके घर जाएंगे. क्योंकि वे उम्र में बड़े हैं, और उनके माता-पिता व गुरुजनों ने यही सिखाया है कि बड़े-बुजुर्गों का हमेशा आशीर्वाद ही लेनी चाहिए.

आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत की : बुधवार को प्रोफेसर गौरव वल्लभ ने भाजपा के प्रत्याशी पर आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत की. इस दौरान उन्होंने लिखित रूप से वोटरों को प्रभावित करने के लिए तय नियम व मानकों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया.

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की आज होगी रोड शो : कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह उदयपुर सीट के प्रत्याशी प्रोफेसर गौरव वल्लभ के समर्थन में उदयपुर में एक रोड शो होगा. यह रोड शो चेतक सर्कल से शुरू होकर हिरण मगरी तक पहुंचेगी. जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल होंगे. वे प्रोफेसर गौरव वल्लभ के साथ रोड शो में शामिल होकर कांग्रेस के प्रत्याशी प्रोफेसर गौरव वल्लभ के पक्ष में वोट की अपील करेंगे. साथ ही कांग्रेस की सात गारंटियों से भी सभी को अवगत कराएंगे.

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!