मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विविध कार्यक्रम
उदयपुर, 7 नवम्बर। आगामी विधानसभा आम चुनाव-2023 के मद्देनजर चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जिले भर में विविध आयोजन चल रहे हैं।
इसी क्रम में राजकीय मीरा कन्या महाविद्यालय उदयपुर में स्वीप प्रकोष्ठ की ओर से एकदिवसीय अभिविन्यास कार्यशाला हुई। मुख्य अतिथि एवं सीईओ जिला परिषद उदयपुर कीर्ति राठौड़ ने छात्राओं को मतदान प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। साथ ही बताया कि निर्वाचन विभाग द्वारा मतदाताओं को विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं ताकि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान में भाग ले सकें। उन्होंने एथिकल वोटिंग को अपनाते हुए मतदान करने के संबंध में समझाया। जिला आयोजना अधिकारी पुनीत शर्मा ने प्रथम बार मतदान करने वाली छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए विभिन्न आयाम एवं प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। कवि राव अजातशत्रु ने अपनी कविताओं के द्वारा मतदान करने के लिए प्रेरित किया। स्वीप जिला समन्वयक देवीलाल गर्ग ने छात्राओं को अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय की कैंपस एंबेसडर भव्या आमेटा ने विभिन्न एप्स को पीपीटी प्रेजेंटेशन के द्वारा समझाया। जिला परिषद सीईओ कीर्ति राठौड ने भव्या को सम्मानित किया।
उधर, भारत स्काउट एवं गाइड के द्वारा ब्लॉक लसाडिया, मेरापुर ब्लॉक कोटडा, ब्लॉक बड़गांव, महात्मा गांधी अंग्रेजी विद्यालय ब्लॉक झल्लारा, ब्लॉक ऋषभदेव, ब्लॉक सेमारी, ऊंकार मेहरों का गुड़ा सेरीया में स्वीप गतिविधि का आयोजन किया। द विज़न एकेडमी स्कूल उदयपुर के स्काउट रोवर द्वारा डोर टू डोर केम्पेनिंग की गई एवं रंगोली सजाकर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम किया गया।
द स्कॉलर्स एरीना कॉलेज में ओरिएंटेशन कार्यशाला हुई, जिसमें स्वीप टीम के विमल प्रकाश पछोला, कांतिलाल मेघवाल, व्याख्याता सुभाष चंद्र तथा निर्मल प्रकाश ने वोटर हेल्पलाइन एप, सक्षम एप, केवाईसी एप को डाउनलोड करने एवं उपयोग करने की जानकारी दी। साथ ही मैं भारत हूं, एवं वोट देव जानो है गीत का सामूहिक गायन किया। मां वैष्णो देवी टीटी कॉलेज की छात्राओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। श्री गजेंद्र सिंह शक्तावत राजकीय कन्या महाविद्यालय भीण्डर में छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम हुआ। एसबीएससी टीटी कॉलेज कानोड़ द्वारा भी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आंगनवाड़ी केंद्र मुंडोल में 25 नवंबर को सभी को मतदान करने की शपथ दिलाई गई। ब्लॉक झाड़ोल में हस्ताक्षर अभियान के द्वारा जन जागरूकता का प्रयास हुआ। उदयपुर शहर में सुबह आठ बजे हाथी पोल चौराहे पर मजदूर वर्ग के लोगों को शत प्रतिशत मतदान करने का आह्वान किया गया। स्वीप टीम से लच्छीराम गुर्जर, सह प्रभारी हर्षित मेहता एवं विनोद छापरवाल उपस्थित थे।
मतदाताओं की मनुहार, मतदान है लोकतंत्र का आधार
