जिला मजिस्ट्रेट ने जारी किए आदेश
उदयपुर, 7 नवम्बर। आगामी 9 नवम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उदयपुर यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिला मजिस्ट्रेट अरविन्द पोसवाल ने दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 में प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए उदयपुर जिले को नो फ्लाई जोन घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार 9 नवम्बर 2023 को उदयपुर जिले की संपूर्ण राजस्व सीमाओं में नो फ्लाई जोन घोषित करते हुए सुबह 6 बजे से आगामी 24 घंटे तक किसी भी प्रकार के हेलीकॉप्टर, यूएवी, ड्रोन, गुब्बारे इत्यादि की उड़ान पर पूर्णतया प्रतिबंध लागू रहेगा। आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188 के तहत कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
धन्वन्तरि सप्ताह में बुधवार को निःशुल्क डायबिटीज जांच
उदयपुर, 7 नवम्बर। राजकीय आदर्श आयुर्वेद औषधालय सिंधी बाजार उदयपुर में आयुर्वेद दिवस एवं धन्वन्तरि आरोग्य सप्ताह के अंतर्गत आयुर्वेद विभाग के निर्देशानुसार जनस्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम किया जाएगा।
बुधवार को इसी कड़ी में निःशुल्क डायबिटीज जांच की जाएगी। गुरूवार को निःशुल्क स्वर्ण प्राशन संस्कार एवं शुक्रवार को आयुर्वेद दिवस एवं धन्वन्तरि जयंती मनाई जाएगी। औषधालय प्रभारी एवं वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी औदीच्य ने बताया कि धन्वन्तरि सप्ताह कार्यक्रम को राजस्थान में विभागीय आदेशानुसार मनाया जा रहा है जिसमें धन्वन्तरि जयंती तक प्रत्येक दिन जन स्वास्थ्य से जुड़े शिविरों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
