विधानसभा आम चुनाव- 2023
फतहसागर की पाल पर मैराथन, मतदान का दिया संदेश
मतदाता जागरूकता अभियान
उदयपुर, 5 नवंबर। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर 25 नवम्बर को मतदान होना है। उदयपुर के सभी नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर लोकतंत्र की मजबूती में सहभागिता निभाएं।
श्री पोसवाल रविवार सुबह फतहसागर की पाल पर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत स्वीप प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित मैराथन के अवसर पर मतदाताओं से रूबरू हो रहे थे। उन्होंने कहा कि उदयपुर शहर का मतदान प्रतिशत पिछले चुनाव में काफी कम रहा था। इस बार चुनाव आयोग ने 85 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य आवंटित किया है। इस लक्ष्य को पाने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि स्वयं भी वोट करें और अपने परिवार, मित्रों, रिश्तेदारों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
इससे पूर्व काला किवाड़ के समीप से मैराथन का आगाज हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी ने हरी झण्डी दिखाकर शुभारंभ किया। मैराथन में बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक, आंगनवाड़ी कार्मिक, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। युवाओं व महिलाओं ने म्हारो केणो-वोट देणो के नारे लगाकर पाल पर मौजूद आमजन को मतदान का संदेश दिया। मैराथन मुख्य पाल पर टाया पैलेस के समीप पहुंच कर नुक्कड़ सभा में तब्दील हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मैराथन के विजेताओं की हौंसला अफजाई की। स्वीप प्रकोष्ठ सह प्रभारी पुनीत शर्मा ने सभी का स्वागत करते हुए स्वीप गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही अवगत कराया कि विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान 25 नवम्बर को होना है। आयोग ने इस बार समय बढ़ाते हुए सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मत मतदान की सुविधा दी है। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट में है, लेकिन आईडी नहीं है। वे बिना वोटर आईडी कार्ड के 12 अन्य तरह के दस्तावेजों की मदद से भी मतदान कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम आयुक्त वासुदेव मालावत, यूडीए सचिव राजेश जोशी, जिला खेल अधिकारी अजीतकुमार जैन, स्वीप जिला समन्वयक डॉ देवीलाल गर्ग, स्वीप प्रकोष्ठ के प्रेम गुर्जर, दुर्गा शंकर श्रोत्रिय, पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़, चंद्रभानु व्यास एवं हितेंद्र सोनी उपस्थित थे।
25 नवम्बर को मतदान कर लोकतंत्र की मजबूती में निभाएं सहभागिता – जिला निर्वाचन अधिकारी
