विधानसभा आम चुनाव-2023
मतदाता जागरूकता अभियान की समीक्षा बैठक
प्रत्येक विभाग को कार्ययोजना तैयार कर रूट लेवल पर काम करने के दिए निर्देश
उदयपुर, 03 नवम्बर। स्वीप प्रकोष्ठ प्रभारी एवं जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती कीर्ति राठौड़ ने कहा कि विधानसभा आम चुनाव 2023 की मतदान तिथि 25 नवम्बर अब दूर नहीं है। पिछले चुनावों में उदयपुर का मतदान प्रतिशत राज्य औसत से कम रहा था, लेकिन इस बार इसे हर हाल में बढ़ाना है। इसके लिए हर विभाग अपने दायित्व का गंभीरता से निर्वहन करते हुए मतदान का संदेश ग्राउण्ड लेवल तक पहुंचाने में अपनी महती भूमिका निभाए।
श्रीमती राठौड़ शुक्रवार अपराह्न जिला परिषद सभागार में मतदाता जागरूकता अभियान की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति या एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। हमें टीम उदयपुर के तौर पर काम करना होगा। उन्होंने बताया कि पिछले चुनाव में उदयपुर जिले में 1125 बूथ ऐसे थे, जहां मतदान प्रतिशत राज्य औसत से कम रहा था। उन बूथों पर अधिक फोकस करने की जरूरत है। उन्होंने विभागवार अधिकारियों एवं नोडल प्रभारियों से स्वीप गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने विभागीय सोशल मीडिया ग्रुप का उपयोग करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य दिया। नगर निगम को सफाई कर्मचारियों, ठेकेदारों आदि का सहयोग लेकर डोर-टू-डोर मतदान का संदेश प्रसारित करने, दीपावली मेले में स्वीप की स्टॉल लगाकर मेलार्थियों को जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पंचायतीराज विभाग को जिले में संचालित प्रत्येक नरेगा साइट पर श्रमिकों को मतदान की शपथ दिलाने, मेट के जरिए हर श्रमिक तक 25 नवम्बर को मतदान करने का संदेश पहुंचाने, पीएम आवास के लाभार्थियों को टेलीफोन अथवा मोबाइल मैसेज के जरिए वोटिंग के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को पेंशनर्स डेटा का उपयोग करते हुए सभी पेंशनर्स तक मैसेज पहुंचाने, छात्रावासों में कार्यक्रम करने, उद्योग एवं श्रम विभाग को समन्वय से काम करते हुए हर औद्योगिक इकाई और श्रमिक तक मतदान का संदेश पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उदयपुर की ओर से तैयार किए जा रहे स्वीप बुलेटिन ई-पेपर, स्वीप वीडियो बुलेटिन को विभागीय गु्रप, हितधारक गु्रप सहित अन्य में साझा करने के भी निर्देश दिए। शिक्षा, कृषि, खेल, पशुपालन, कॉलेज शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, राजीविका, महिला एवं बाल विकास सहित सभी संबंधित विभागों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इससे पूर्व स्वीप सह प्रभारी पुनीत शर्मा ने जिले में अब तक आयोजित गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए लाइन विभागों से अपेक्षित कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदाताओं तक मतदान की तिथि, समय, मतदान के लिए अपेक्षित दस्तावेज आदि की जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी-प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मतगणना स्थल परिसरों में 3 दिसंबर का अवकाश घोषित
विधानसभा आम चुनाव 2023 के लिए उदयपुर जिले की समस्त विधानसभाओं के चुनाव परिणाम के लिए मतगणना मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर के सामाजिकी एवं मानविकी महाविद्यालय (आर्ट्स कॉलेज), उदयपुर पर 3 दिसंबर को की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार पोसवाल के आदेशानुसार मतगणना हेतु सम्पूर्ण परिसर कड़ी सुरक्षा घेरे में रहेगा एवं पास धारकों को ही प्रवेश की अनुमति दी जायेगी। इस आदेश के तहत मतगणना दिवस 3 दिसंबर को मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय एवं महाराणा प्रताप कृषि विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवनों के क्षेत्र में आने वाले सम्पूर्ण परिसर में अवकाश घोषित किया जाता है।
