वल्लभनगर से उदयलाल डांगी को बनाया प्रत्यासी, उप चुनाव में आरएलपी उम्मीदवार के तौर पर रहे थे दूसरे स्थान पर
उदयपुरा। जिले के सबसे हॉट विधानसभा सीट वल्लभनगर के लिए भाजपा ने उदयलाल डांगी को अपना प्रत्याशी बनाया है। एक दिन पहले वह आरएलपी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए और दूसरे दिन पार्टी ने उन्हें टिकट भी दे दिया।
वल्लभनगर विधानसभा के लिए गत उपचुनाव में उम्मीदवार रहे हिम्मत सिंह झाला को दरकिनार करते हुए पार्टी ने काफी सोच—समझकर डांगी को अपना प्रत्याशी बनाया। हालांकि इससे पहले जनता सेना के मुखिया रणधीर सिंह भीण्डर के भाजपा में शामिल किए जाने की चर्चा आम थी। किन्तु बुधवार को जैसे ही डांगी आरएलपी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए, तब ही यह तय हो गया था कि पार्टी एक बार फिर उदयलाल डांगी को प्रत्याशी बनाना चाह रही है। हालांकि इसकी पुष्टि गुरुवार शाम को उस समय हुई जब भाजपा की तीसरी सूची जारी हुई।
असम के राज्यपाल कटारिया के नजदीकी है डांगी
उदयलाल डांगी पहले भी भाजपा में थे। गत उपचुनाव में तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया उदयलाल डांगी को टिकट दिलाए जाने के पक्ष में थे लेकिन पार्टी ने डांगी की बजाय हिम्मत सिंह झाला पर भरोसा जताया था। जिसके बाद डांगी ने भाजपा से इस्तीफा देते हुए आरएलपी का दामन थाम लिया और चुनाव लड़े। हालांकि उपचुनाव में वह जीत नहीं पाए लेकिन दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने मुख्य प्रतिद्वंद्वी मानी जा रही जनता सेना को ही पीछे नहीं धकेला, बल्कि भाजपा प्रत्याशी अपनी जमानत तक नहीं बचा पाए।
वसंधरा बनाम कटारिया खेमा
वल्लभनगर में भाजपा वसुंधरा राजे तथा गुलाबचंद कटारिया खेमों में बंटी हुई है। जनता सेना के मुखिया रणधीर सिंह भीण्डर वसुंधरा खेमे में माने जाते हैं। इस साल यह माना जा रहा था कि वसुंधरा राजे रणधीर सिंह को भाजपा में शामिल कर उन्हें टिकट दिलाने में सफल रहेगी लेकिन ऐसा नहीं हो पाया और कटारिया के करीबी डांगी भाजपा में शामिल होने के बाद दूसरे दिन ही टिकट लाने में सफल रहे।
एक दिन पहले भाजपा में शामिल, दूसरे दिन मिला टिकट
