राजसमंद—पाली की सीमा पर पुलिस से मुठभेड़ में तस्कर की मौत

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

डीएसटी टीम पर फायर किए, 4 किलोमीटर तक पंचर गाड़ी दौड़ाई
उदयपुर। राजसमंद तथा पाली जिले की सीमा पर मंगलवार को पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक तस्कर की मौत हो गई।
बताया गया कि तस्करों तथा राजसमंद पुलिस की जिला स्पेशल टीम के बीच पचास से अधिक राउंट फायरिंग हुई। तस्करों ने पहले पुलिस पर फायरिंग की और जबावी फायरिंग में एक तस्कर मारा गया, जबकि दूसरा भाग निकला। मारे गए तस्कर की पहचान जोधपुर जिले के फटकासनी (डांगियावास ) निवासी सुभाष बिश्नोई (25) के तौर पर हुई है।
बताया गया कि घटना पाली जिले के खिंवाड़ा थाना क्षेत्र की है। यह एरिया पाली तथा राजसमंद बार्डर से लगता है। जहां रात करीब 11:30 बजे तस्करों ने पहले राजसमंद डीएसटी की टीम पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद राजसमंद पुलिस ने तस्करों की गाड़ी का चार किलोमीटर तक पीछा किया था। पुलिस और तस्करों के बीच आपसी फायरिंग की सूचना पर पाली जिला पुलिस भी मौके पर पहुंची और समूचे एरिया को सीज कर दिया गया।
राजसमंद से डोडा-पोस्त लेकर जा रहे थे तस्कर
राजसमंद डीएसटी टीम को सूचना मिली थी कि इनोवा गाड़ी में दो तस्कर डोडा-पोस्त लेकर जा रहे हैं। इस परडीएसटी टीम प्रभारी केसाराम के नेतृत्व में नाकाबंदी की गई थी। जैसे ही तस्करों की इनोवा राजसमंद की सीमा में घुसी तो पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा दिया लेकिन तस्करों ने अपनी कार की रफ्तार बढ़ाई तथा पाली की ओर भागने लगे। जिस पर राजसमंद पुलिस ने उनका पीछा किया। राजसमंद पुलिस ने तस्करों की गाड़ी का पीछा किया तो तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जबावी फायरिंग ने पुलिस ने तस्करों की गाड़ी के तीन टायर पंचर कर दिए। इसके बावजूद तस्करों ने पंचर गाड़ी को चार किलोमीटर तक दौड़ाया। आपसी फायरिंग में एक तस्कर को गोली लगी थी, जबकि दूसरा तस्कर खीमज माता मंदिर के पास कार छोड़कर भाग निकला। डीएसटी टीम जब कार की तलाशी ली तो उसमें 12 बोर की एक शॉट गन तथा एक बैग भी मिला, जिसमें पिस्टल थी। जांच से खुलासा हुआ कि बरामद शॉट गन और से ही पुलिस पर फायरिंग की गई थी। पुलिस घायल तस्कर को नाड़ोल अस्पताल लेकर पहुंची जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
एडीजी क्राइम पहुंचे घटनास्थल पर
घटना की जानकारी के बाद पाली एसपी गगनदीप सिंगला और राजसमंद एसपी सुधीर जोशी मौके पर पहुंचे। राज्य के एडीजी क्राइम दिनेश एमएन दोपहर 2 बजे बाद घटना स्थल पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि पुलिस और तस्करों के बीच फायरिंग हुई थी। तस्कर ने टीम पर फायर किया था और जवाबी फायरिंग में गोली लगने से मौत हो गई। तस्करों ने पुलिस की स्कॉर्पियो पर तीस से ज्यादा फायर किए थे। इधर, मृतक तस्कर का शव नाडोल से पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में लाया गया, जहां भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!