घर में छिपा कर रखी थी पौने आठ किलो अफीम, आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी थाना क्षेत्र के चित्तौड़िया गांव के एक मकान से पुलिस ने 7 किलो 760 ग्राम अफीम बरामद की। जो सीढ़ियों के नीचे प्लास्टिक की बाल्टी से बनाए विशेष चैम्बर से बरामद की। जब्त अफीम की कीमत 40 लाख रुपए बताई जा रही है। मकान की तलाशी में एक लाख रुपए की नकदी भी बरामद हुई है। पुलिस ने इस मामले में मकान मालिक को गिरफ्तार किया है।
राशमी थानाधिकारी प्रेमसिंह ने बताया कि कपासन थानाधिकारी गजेंद्र सिंह के जरिए सूचना मिली थी कि उनके क्षेत्र के बाबरियाखेड़ा गांव से कपासन थाना पुलिस ने 21 वर्षीय रमेश चंद्र उर्फ रामेश्वर पुत्र नारायणलाल जाट से डेढ़ किलो अफीम बरामद की थी। जिसने बताया कि उक्त अफीम उसने चित्तौड़िया के भगवानलाल जाट पुत्र भैरूलाल जाट से ली थी। उसी ने बताया कि भगवानलाल के पास और भी अफीम है। जिस पर राशमी थाना पुलिस ने चित्तौडिया गांव मे भगवान लाल के घर पर दबिश दी। तलाशी में उसके घर की सीढ़ियों के नीचे प्लास्टिक की बाल्टी से गुप्त रूप से बनाए चैम्बर से अफीम बरामद की, जो पॉलीथिन की अलग—अलग थैलियों में पैक थी। घर की तलाशी में एक लाख नौ हजार पांच सौ रुपए की नकदी भी मिली, जिसका हिसाब मकान मालिक भगवानलाल नहीं दे पाया। जिस पर पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!