उदयपुर। बांसवाड़ा जिले के मोटागांव में शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक महिला पटवारी तथा उसके 3 साल के मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल है। उसका उपचार बांसवाड़ा के महात्मा गांधी जिला अस्पताल में जारी है। बताया गया कि महिला पटवारी अपने पति के साथ बाइक से जा रही थी कि तेज रफ्तार ट्रोले ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद ट्रोला चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार बोरदा गांव का शिक्षक विजयपाल बरोड़ अपनी पत्नी रेखा और तीन साल के बेटे कियान को लेकर जा रहा था। सुबह दस बजे मोटागांव में उनकी बाइक को ट्रोले ने चपेट में ले लिया था। जिसमें रेखा और उसके बेटे कियान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विजयपाल गंभीर रूप से घायल हो गया था। बताया गया कि रेखा सवानिया ग्राम पंचायत में पटवारी पर कार्यरत थी। जबकि कियान उसका इकलौता संतान था।
पत्नी को पटवार मंडल छोड़ने निकला था पति
परिजनों ने बताया कि विजयपाल घाटोल जाने के लिए निकला था। पत्नी को भी पटवार मंडल छोड़ना था। दोनों की शादी 7 साल पहले ही हुई थी।
घर से 300 मीटर की दूरी पर हादसा
थानाधिकारी ने बताया कि हादसा टीचर के घर से 300 मीटर की दूरी पर हुआ। पीछे से तेज स्पीड में आ रहे ट्रोले ने टक्कर मार दी। तीनों सड़क पर गिर गए। टक्कर मारते ही ट्रोले का ड्राइवर भाग गया। हादसे के बाद आस-पास से गुजर रहे लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस से तीनों को एमजी हॉस्पिटल भेजा। मगर तब तक मां-बेटे की मौत हो चुकी थी।
बांसवाड़ा में ट्रोले की टक्कर से महिला पटवारी और उसके बेटे की मौत, पति घायल
