उदयपुर। घर, स्कूल, कॉलेज, ऑफिस में जो बच्चे—युवा अपनी प्रतिभा नहीं दिखा पाएं, उनके लिए ‘थर्ड स्पेस’ एक बेहतर मंच बनने जा रहा है। जहां वह समान रुचि रखने वाले अन्य लोगों से नेटवर्क बना पाएंगे। शनिवार को शहर के धरोहर चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से भुवाणा—प्रतापनगर बाईपास पर बनाए गए थर्ड स्पेस को फाउंडेशन की प्रमुख सुश्री शिवानी और सिक्योर मीटर्स के अध्यक्ष संजय सिंघल ने लॉन्च किया।
उन्होंने बताया कि थर्ड स्पेस वह जगह है, जहां सभी प्रकार की तकनीकि व कला से जुड़ी सृजनात्मक गतिविधियों के लिये सुविधाएं और स्थान हैं। एक सुरक्षित वातावरण में युवाओं को व्यक्तिगत स्तर पर खोज करने, करते हुए सीखने और प्रत्यक्ष अनुभव से सीखने और सिखाने का अवसर मिलेगा। थर्ड स्पेस परिसर में दो प्रदर्शनियां, पुस्तकालय, कैफे, जुगाड़ प्रयोगशाला, आधुनिक उपकरणों से युक्त निर्माण प्रयोगशाला, छोटे बच्चों के लिए शिशुगृह, रोमांचक आउटडोर क्षेत्र और 15 मीटर ऊंची क्लाइंबिंग वॉल शामिल है। निकट भविष्य में सिनेमा हॉल, थिएटर और आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला शुरू होने के साथ, थर्ड स्पेस उदयपुर के युवाओं को एकत्र होने का एक अद्वितीय स्थान बन जाएगा।
सिंघल ने कहा, थर्ड स्पेस के माध्यम युवा अपनी प्रतिभा को पहचानेंगे और यहां अपनी रचनात्मक क्षमताओं को बढ़ावा दे सकेंगे। शिवानी सिंघल का कहना है लोगों की एक साथ लाना, प्रयोग करना, असफल होना और असफलता को सफलता में बदलना, थर्ड स्पेस नवाचार, कनेक्शन और व्यक्तिगत विकास के लिए जगह प्रदान करता है। जैसे-जैसे लोग जीवन भर सीखने वाले बनने के लिए एक साथ आते हैं, वे उदयपुर ही नहीं उसके बाहर भी जीवन की गुणवत्ता में ऐसे सुधार करेंगे जिनकी हम अभी तक कल्पना भी नहीं कर सकते।
जो बच्चे—युवा घर और स्कूल कॉलेज में प्रतिभा नहीं दिखा पाए, उनके लिए थर्ड स्पेस बनेगा मंच
