सुरक्षित मातृत्व अभियान में गर्भवती महिलाओं की जांच

उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं का शुरु किया उपचार
उदयपुर 10 जुलाई। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत सोमवार को उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की जांच की गई एवं चिन्हित कर इलाज किया गया। साथ ही उन्हें पोषण युक्त आहार की सलाह दी गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शंकर बामनिया ने बताया कि जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों पर गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें गर्भ में पल रहे शिशु एवं स्वयं की देखभाल के बारे में बताते हुए पोषण युक्त आहार की जानकारी दी। इसमें गर्भवती महिलाओं के हिमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, शुगर, लंबाई, एचआईवी, सिफलिश आदि की जांच की गई एवं उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओ को चिंहित कर उच्च स्तर के चिकित्सा संस्थानों पर भेजा गया। आरसीएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को गुणवत्ता युक्त प्रसव पूर्व जांच सुविधा प्रदान की जाती है ताकि गर्भावस्था एवं प्रसव के दौरान जोखिम को कम किया जा सके। अभियान में विभिन्न प्रकार की चिकित्सा सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।

एलपीजी सखी कार्यक्रम का शुभारंभ व उड़ान समीक्षा बैठक आज
उदयपुर 10 जुलाई। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा एचपीसीएल द्वारा प्रायोजित कार्यक्रम एलपीजी सखी कार्यक्रम का शुभारंभ विभाग के प्रमुख शासन सचिव जितेन्द्र उपाध्याय के मुख्य आतिथ्य में 11 जुलाई को सुबह 11ः30 बजे होटल रमाडा में होगा।
महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक संजय जोशी ने बताया कि कार्यक्रम में महिला अधिकारिता विभाग की अतिरिक्त निदेशक श्रीमती आभा जैन व कार्यक्रम निदेशक श्रीमती राजकुमारी हाडा भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान शासन सचिव संभाग के अधिकारियों की उड़ान योजनान्तर्गत समीक्षा बैठक लेंगे। वन स्टॉप केन्द्र, इन्दिरा महिला शक्ति केन्द्र, महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र का निरीक्षण भी प्रस्तावित है।
जोशी ने बताया कि हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य हेतु एलपीजी गैस को सुरक्षित रसोई ईंधन के रूप में प्रचारित करने व महिला अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास विभाग में ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत मानदेयकर्मी साथिनों को अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध करवाने हेतु एलपीजी सखि कार्यक्रम का शुभारंभ किया जा रहा है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!