आगामी विधानसभ चुनाव में जिला स्वीप प्लान तैयार करने पर होगी चर्चा

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वीसी आज
उदयपुर, 4 अप्रेल। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान की जाने वाली गतिविधियों का जिला स्वीप प्लान तैयार करने के संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में बुधवार 5 अप्रेल को प्रातः 11 बजे से 1.30 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) ताराचंद मीणा ने जिला मुख्यालय के एनआईसी वीसी रुम में आयोजित होने वाली इस वीसी में जिला स्वीप नोडल अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, समस्त निर्वाचक रिटर्निंग अधिकारी, समर्पित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी, कार्मिक व सूचना सहायक, जिला जनसम्पर्क अधिकारी, जिला ईएलसी नोडल अधिकारी, जिला मतदाता शिक्षा कमेटी के कार्यकारी सचिव, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट व गाइड के जिला समन्वयक, जिला पीडब्ल्यूसी नोडल अधिकारी आदि को निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेज व तैयारियों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

वंशावली संरक्षण एवं संवर्धन अकादमी के अध्यक्ष आज उदयपुर होकर डूंगरपुर जाएंगे
उदयपुर, 4 अप्रेल। वंशावली संरक्षण एवं संवर्धन अकादमी के अध्यक्ष राम सिंह राव बुधवार 5 अप्रेल की सुबह 7.50 बजे वायुयान से उदयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वे यहां से 8 बजे राजकीय वाहन से डूंगरपुर जाएंगे तथा पुनः इसी दिन उदयपुर पहुंच कर रात्रि विश्राम उदयपुर सर्किट हाउस में करेंगे। वे गुरुवार 6 अप्रेल की सुबह 11.40 बजे वायुयान से जयपुर के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।

मावली में बालिका प्रकरण की जांच के लिए बाल आयोग ने गठित की कमेटी
उदयपुर, 4 अप्रेल। उदयपुर के मावली क्षेत्र में 9 वर्षीय बालिका के साथ हुई घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती संगीता बेनीवाल ने प्रकरण से संबंधित सभी पहलुओं की गहनता से जांच हेतु जांच कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी में राजस्थान राज्य बाल संरक्षण आयोग के सदस्य राजीव मेघवाल व बाल अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक श्रीमती मीना शर्मा को प्रकरण की जांच की जांच रिपोर्ट आयोग अध्यक्ष को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गये है।

राजस्थान राज्य बाल संरक्षण आयोग के सदस्य आज मावली में
उदयपुर, 4 अप्रेल। राजस्थान राज्य बाल संरक्षण आयोग के सदस्य राजीव मेघवाल बुधवार 5 अप्रेल की सुबह 11 बजे मावली पहुंचेंगे। वे यहां बालिका के साथ हुई घटना के क्रम में पीडि़त परिवार से मिलेंगे। सदस्य मेघवाल समिधा निराश्रित बालग्रह का निरीक्षण करेंगे तथा 2 बजे उदयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

15 वर्ष या इससे अधिक पुराने राजकीय वाहनों को स्क्रैप करने के निर्देश जारी
उदयपुर, 4 अप्रेल। राज्य सरकार के परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग के प्रमुख शासन सचिव ने भारत सरकार की अधिसूचना के क्रम में प्रदेश में 15 वर्ष या इससे अधिक पुराने राजकीय वाहनों को स्क्रैप करने के निर्देश जारी किये हैं। इस संबंध में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट प्रभा गौतम ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
परिवहन विभाग के प्रमुख शासन सचिव आनंद कुमार ने बताया कि भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 16 जनवरी 2023 को जारी अधिसूचना के तहत केंद्रीय मोटरयान नियम 1989 के नियम 52 के पश्चात नियम 52क अंतर्गत 15 वर्ष या इससे अधिक पुराने राजकीय वाहन 1 अप्रैल के पश्चात सड़क पर संचालन योग्य नहीं रहेंगे।

 

मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना
निःशुल्क उपचार से गीतादेवी को मिला जीवनदान
उदयपुर 4 अप्रेल। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना प्रदेश के लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से सरकारी एवं निजी चिकित्सालयों में छोटी-बड़ी हर तरह की बीमारियों का 25 लाख रुपए तक का निशुल्क उपचार किया जा रहा है। सैंकड़ों लोग प्रतिदिन इस योजना से नया जीवन पा रहे हैं और मुख्यमंत्री का आभार जता रहे हैं।
उदयपुर जिले के गडी ग्राम निवासी वृद्धा गीता देवी को कई दिनों से पेट में दर्द, पूरे शरीर में दर्द तथा निरंतर बुखार होने की शिकायत थी। इस पर वे निजी चिकित्सालय (गीतांजलि चिकित्सालय) में गई जहां चिकित्सक ने जांच पश्चात भर्ती होने की सलाह दी। जांच के दौरान उन्हें ‘एक्यूट फेब्राईल इलनेस’ होने की बीमारी सामने आई जिसका उपचार शुरू किया गया। वे यहाँ 17 मार्च को भर्ती होकर 27 मार्च को डिस्चार्ज हुई। कुल 10 दिन भर्ती रहने के दौरान निरंतर उनका उपचार चला एवं इसमें कुल 20 हजार रुपए का खर्च आया जिसका भुगतान अस्पताल को मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से किया गया। उपचार के दौरान मरीज का कोई खर्चा नहीं हुआ एवं निशुल्क उपचार से स्वस्थ होकर वह घर लौटी।
गीता देवी ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत का आभार जताया है एवं सभी लोगों से इसमें आवश्यक रूप से पंजीयन करवा कर लाभ लेने की अपील की है।

इंदिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना
चाय की थड़ी वाले तेजराम को मिला 50 हजार का ब्याजमुक्त ऋण
उदयपुर, 4 अप्रैल। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा स्ट्रीट वेंडर तथा सर्विस सेक्टर के युवाओं को स्वरोजगार प्रदान करने के लिए इंदिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना लागू की गई है। योजना के माध्यम से स्ट्रीट वेंडर्स तथा अनौपचारिक क्षेत्र में आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाने वाले लोगों को 50 हजार रुपए तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। योजना से उदयपुर के भी छोटे व्यवसायी लाभान्वित हुए हैं और ऋण प्राप्त कर अपने काम को आगे बढ़ा पा रहे हैं।
उदयपुर नगर निगम के वार्ड 21 के निवासी तेज राम पटेल एक स्ट्रीट वेंडर के रूप में चाय की थड़ी लगाते हैं। जब उन्हें पता चला कि राज्य सरकार द्वारा इंदिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना लागू की गई है तो वह तुरंत नगर निगम पहुंचे और योजना के तहत ऋण हेतु आवेदन किया। उनका आवेदन स्वीकृत कर निगम से पंजाब नेशनल बेंक भेजा गया जहां से 50 हजार रुपए का ब्याज मुक्त ऋण एक वर्ष के लिए स्वीकृत हो गया। तेज राम का कहना है कि अब वे इस ऋण का उपयोग करते हुए अपने व्यापार का विस्तार करेंगे और इससे उसकी आमदनी में वृद्धि होगी। उन्हें 50 हजार के ब्याज मुक्त ऋण से काफी संबल मिला है और इसके लिए वे राज्य सरकार के आभारी हैं।
इस योजना का लक्ष्य स्ट्रीट वेंडर्स, अनौपचारिक क्षेत्र में आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाने वाले लोग जैसे हेयर ड्रेसर, रिक्शावाला, कुम्हार, खाती, मोची, दर्जी इत्यादि एवं बेरोजगार युवाओं को आर्थिक संबल देकर पुनर्स्थापित करना है। योजना के तहत अनौपचारिक व्यापार क्षेत्र में काम करने वाले 5 लाख लाभार्थियों को इस योजना का फायदा मिलेगा। ऋण 1 वर्ष की अवधि के लिए उपलब्ध कराया जाता है तथा ऋण के मोरेटोरियम की अवधि तीन माह तथा ऋण पुनर्भुगतान की अवधि मोरेटोरियम के पश्चात 12 माह की है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!