ग्रामीणों ने विशाल मशाल यात्रा निकाल भारत को बाल विवाह मुक्त करने का लिया संकल्प
उदयपुर, 28 नवंबर। भारत को 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प के साथ देशभर में चल रही इस मुहिम की गूंज उदयपुर में भी सुनाई दी। कम उम्र में शादी और जबरन विवाह के उन्मूलन के पहले अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर गायत्री सेवा संस्थान ने जागरूकता और शपथ कार्यक्रम आयोजित कर दिया बाल विवाह मुक्त भारत का सन्देश। कार्यक्रम जिले की जनजाति बाहुल पंचायत समिति खेरवाड़ा कि खांडी ओवरी ग्राम पंचायत में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में बाल विवाह से बचाई गई लड़कियों, बाल विवाह रूकवाने में अहम भूमिका निभाने वाली महिलाओं और विभिन्न क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर बदलाव की वाहक बनी महिला नेतृत्वकर्ताओं की अगुवाई में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर बाल विवाह के खिलाफ एकजुटता दिखाई और इस अपराध को समाप्त करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग एवं बाल अधिकारिता विभाग के मार्गदर्शन में गायत्री सेवा संस्थान द्वार आयोजित किया गया जो कि बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए काम करने वाले नागरिक समाज संगठनों के देश के सबसे बड़े नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन का सहयोगी संगठन है।
इस दौरान निकाले गए मशाल यात्रा में बाल विवाह से प्रभावित महिलाओं, बच्चों, पुरुषों और समाज के विभिन्न वर्गों के एक हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। लोगों ने न केवल बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी समाज को इस अपराध के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। अभियान की खास बात यह रही कि इसमें केवल आम नागरिक ही नहीं, बल्कि विवाह समारोहों से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी हितधारक भी शामिल हुए। पंडितो, हलवाइयों, सजावट का काम करने वालों, बैंड-बाजा संचालकों, टेंट वालों और शादी के कार्ड छापने वाले प्रिंटिंग प्रेस मालिकों ने न केवल कार्यक्रम में हिस्सा लिया बल्कि शपथ भी ली कि वे किसी भी बाल विवाह में भागीदार नहीं बनेंगे। साथ ही, कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करेंगे।
कार्यक्रम कि अध्यक्षता करते हुए स्थानीय ग्राम पंचायत कि नवनिर्वाचित महिला सरपंच रुक्मण देवी नें कहा की विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब देश की हर बेटी को पढ़ने, आगे बढ़ने और अपने भविष्य के फैसले खुद लेने का अवसर मिलेगा। बाल विवाह इस अधिकार को छीन लेता है और बच्चियों के सपनों को समय से पहले खत्म कर देता है। इसलिए बाल विवाह के खिलाफ हमारी लड़ाई दरअसल बेटियों के बेहतर भविष्य और एक सशक्त समाज के निर्माण की लड़ाई है। हमें गर्व है कि जिले में शुरू हुआ हमारा यह प्रयास आज वैश्विक आंदोलन का हिस्सा बन चुका है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. महावीर जैन पूर्व निदेशक वी.वी. गिरी लेबर इंस्टीट्यूट-भारत सरकार ने संबोधित करते हुए कहा की बाल विवाह जैसे अपराध को केवल कानून और प्रशासन के भरोसे समाप्त नहीं किया जा सकता। इसके लिए समाज के हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। शादी में शामिल होने वाले पुरोहित से लेकर हलवाई, बैंड-बाजा संचालक और कार्ड छापने वाले प्रिंटिंग प्रेस तक, हर किसी का यह संकल्प जरूरी है कि वह किसी बाल विवाह का हिस्सा नहीं बनेगा। जब समाज एक साथ खड़ा होगा, तभी इस अपराध को जड़ से खत्म किया जा सकेगा।
संस्थान निदेशक एवं बाल संरक्षण विशेषज्ञ डॉ.शैलेन्द्र पंड्या ने बताया कि हम पिछले तीन वर्षों से सरकार और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के साथ मिलकर बाल विवाह के खात्मे के लिए लगातार काम कर रहे हैं। यह केवल एक अपराध को समाप्त करने का अभियान नहीं, बल्कि देश की बच्चियों को उनका बचपन, शिक्षा और अपने भविष्य को चुनने का अधिकार दिलाने की लड़ाई है। विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब हमारी बेटियां शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर हों। बाल विवाह इस राह की सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। हमारे लिए यह गर्व की बात है कि जिले में शुरू हुई हमारी यह मुहिम आज वैश्विक आंदोलन का रूप ले चुकी है। हमें विश्वास है कि सरकार, प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों से हम अपने जिले को बाल विवाह मुक्त बना सकेंगे।
भारत से शुरू हुई बाल विवाह के खिलाफ मुहिम के वैश्विक आंदोलन में बदलने की यात्रा पर जेआरसी के राष्ट्रीय समन्वयक रवि कांत ने कहा कि चार सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सर्वसम्मति से 27 नवंबर को ‘बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ घोषित करने का प्रस्ताव स्वीकार किया। यह जेआरसी और उसके संस्थापक भुवन ऋभु के वर्षों के अथक प्रयासों की एक बड़ी वैश्विक उपलब्धि है। इस ऐतिहासिक प्रस्ताव के पारित होने के समय भुवन ऋभु भी प्रतिनिधिमंडल के साथ संयुक्त राष्ट्र में मौजूद थे। यह भारत के लिए भी गर्व और उपलब्धि का क्षण था, क्योंकि हमारे देश में बाल विवाह रोकने के लिए शुरू हुई मुहिम को आज वैश्विक मंच पर मान्यता मिली और यह संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर का हिस्सा बन गई। यह इस बात का प्रमाण है कि सामाजिक बदलाव की शुरुआत स्थानीय स्तर से हो सकती है, लेकिन सामूहिक प्रयासों से वह पूरी दुनिया का आंदोलन बन सकता है।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम समन्वयक नितिन पालीवाल ने किया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायात के स्थानीय समस्त वार्ड पंच, पूर्व सरपंच, विद्यालय के प्रधानाचार्या,संस्थान कार्यकर्त्ता विवेक पालीवाल, दिनेश खराड़ी आदि उपस्थित रहे।
प्रथम अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस पर गायत्री सेवा संस्थान ने आयोजित किए जागरूकता कार्यक्रम
