जिला कलेक्टर के निर्देश पर उपखंड स्तर पर गठित की गयी संयुक्त टीमें
अवैध चिकित्सा गतिविधियों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
चिकित्सा विभाग ने सभी ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को दिए निर्देश
भीलवाड़ा, 26 नवंबर। जिले में अवैध रूप से संचालित नीम-हकीमों, झोलाछाप चिकित्सकों एवं अपंजीकृत क्लीनिकों के विरुद्ध जिला प्रशासन अब सख्त हो गया है। जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार जिले में आगामी 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाकर ऐसे लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी, जो बिना वैध पंजीकरण एवं निर्धारित योग्यता के मरीजों का उपचार कर रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चेतेन्द्र पुरी गोस्वामी ने बताया कि जिला कलेक्टर के निर्देशों की पालना में जिले के समस्त खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से संचालित चिकित्सा प्रतिष्ठानों एवं झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए टीमें गठित-
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उपखंड अधिकारी, पुलिस विभाग, तहसीलदार एवं औषधि नियंत्रण अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त टीमें गठित की जाएंगी। जिला कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रत्येक उपखंड क्षेत्र में सात सदस्यीय समिति गठित की गई है, जिसमें उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, पुलिस उप अधीक्षक/वृत्ताधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, संबंधित ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी/चिकित्सा अधिकारी प्रभारी संबंधित क्षेत्र, आयुर्वेद विभाग के प्रतिनिधि तथा औषधि नियंत्रण अधिकारी शामिल होंगे।
सीएमएचओ डाॅ. गोस्वामी ने बताया कि बिना पंजीकरण आधुनिक चिकित्सा पद्धति से उपचार करते पाए जाने वालों के विरुद्ध संबंधित पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। इसी प्रकार बिना पंजीकरण आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति से उपचार करने वालों के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज करवाने तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के तहत औषधियों को स्टाॅक जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम, 2019 की धारा 34, राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा प्रद्वति आयोग अधिनियम 2020 की धारा 34 सहित अन्य लागू वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
