-गौ सम्मान आह्वान अभियान को महिलाओं का व्यापक समर्थन, जिलेभर में जनसंपर्क एवं हस्ताक्षर अभियान जारी
भीलवाड़ा, 13 नवंबर। भारतीय संस्कृति में गौ माता का स्थान आधार स्तंभ के समान है। गौवंश सुरक्षित रहेगा तो सनातन धर्म और हमारी सांस्कृतिक परंपराएं भी सुरक्षित रहेंगी। गौ सेवा की परंपरा अनादिकाल से चली आ रही है। गौ माता की सुरक्षा के लिए देशभर में विशेष कानून बनाया जाना चाहिए तथा गौ माता को राष्ट्रमाता अथवा राष्ट्र आराध्य का सम्मान दिया जाना चाहिए। तभी गौवंश का संरक्षण सुनिश्चित हो सकेगा। यह विचार महामंडलेश्वर जगदीशपुरी जी महाराज ने गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत आयोजित बैठक में व्यक्त किए।
महामंडलेश्वर जगदीशपुरी जी महाराज ने कहा कि सनातन धर्म की सुरक्षा के लिए गौवंश का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आगामी 17 दिसंबर को जयपुर में आयोजित होने वाले गौ सम्मान आह्वान अभियान के तृतीय चरण को सफल बनाने के लिए अधिकाधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने जाति, समाज, पार्टी और राजनीतिक दलों से ऊपर उठकर इस अभियान का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि गौवंश की सुरक्षा केवल किसी एक समाज का विषय नहीं, बल्कि संपूर्ण सनातन समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अभियान को महिलाओं का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित बैठकों में महिलाओं सहित बड़ी संख्या में गौभक्त अभियान से जुड़कर हस्ताक्षर अभियान को गति देने का संकल्प ले रहे हैं।
शुक्रवार को गौ सम्मान आह्वान अभियान की जिला टोली ने गौ वत्स श्री लालजी महाराज के नेतृत्व में जैन संत मुनि सुरेश जी म.सा., अभियान के संभाग प्रभारी नन्द किशोर साहू, जिला प्रभारी जगदीश तेली,कार्यालय प्रभारी बाबू लाल टाक, गौ शाला समिति के जिलाध्यक्ष गोपाल बांगड़, हरीश क्षोत्रिय आदि ने जिले के बागोर, बाडिया माताजी, रायपुर, कोशीथल, गंगापुर, कारोई एवं गुरला में बैठकें आयोजित कर गौभक्तों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा हस्ताक्षर अभियान से जुड़ने का आग्रह किया।
अभियान के तृतीय चरण के तहत 17 दिसंबर को प्रदेश के मुख्य सचिव के माध्यम से राज्यपाल, मुख्यमंत्री, राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम 51 करोड़ हस्ताक्षरों से युक्त प्रार्थना पत्र सौंपने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान की प्रमुख मांगों में संपूर्ण भारत में गौ हत्या पर रोक, गौ माता को राष्ट्रमाता अथवा राष्ट्र आराध्य का सम्मान तथा गौ सेवा के लिए पृथक केंद्रीय मंत्रालय और प्रभावी केंद्रीय कानून बनाने की मांग शामिल है।
जिला टोली ने आमजन, महिलाओं, सामाजिक संगठनों, संत-महात्माओं एवं समस्त गौभक्तों से इस जनअभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।
गौवंश सुरक्षित है तो सनातन धर्म भी सुरक्षित रहेगा – महामंडलेश्वर जगदीशपुरी
