उदयपुर, 05 नवम्बर 2026। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर के सामुदायिक एवं व्यावहारिक विज्ञान महाविद्यालय की बी.एससी. तृतीय वर्ष की छात्रा एवं एनसीसी कैडेट राजश्री सतपथी ने गुजरात में आयोजित विशेष राष्ट्रीय एकता शिविर-2026 में राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
गुजरात में 7 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित इस शिविर का आयोजन दो चरणों में अहमदाबाद एवं एकतानगर (केवड़िया) में किया गया। इसमें देशभर के 17 एनसीसी निदेशालयों के कैडेट्स ने भाग लिया। शिविर का प्रमुख आकर्षण 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह रहा। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री रैली के ड्रिल दल में शामिल होकर देश के 17 एनसीसी निदेशालयों के कैडेट्स के साथ प्रतिनिधित्व करना राजश्री के लिए गौरवपूर्ण एवं अविस्मरणीय अनुभव रहा। इस शिविर के माध्यम से राजश्री को विभिन्न राज्यों की संस्कृति एवं परंपराओं को जानने तथा राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का अवसर मिला।
केयरटेकर ऑफिसर श्री राम नारायण कुम्हार ने इस उपलब्धि को महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय बताया। छात्र कल्याण अधिकारी डॉ. विक्रमादित्य दवे ने राजश्री को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। इस उपलब्धि से महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है।
