यूडीए उदयपुर में सेवा सेतु अभियान का आगाज़, पहले दिन 110 प्रकरणों का निस्तारण

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 07 अक्टूबर। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी सेवाओं को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने की दिशा में राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी सेवा सेतु अभियान के तहत  बुधवार को यूडीए कार्यालय परिसर में शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर के माध्यम से नागरिकों को उनकी विभिन्न समस्याओं और आवेदनों के समाधान के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।

बुधवार को यूडीए अधिकारियों ने शिविर में लगाए गए विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण कर नागरिकों से प्राप्त प्रकरणों की निस्तारण प्रक्रिया की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस पहल का उद्देश्य आमजन को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर से राहत दिलाते हुए उनके प्रकरणों का शीघ्र एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर उदयपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त अभिषेक खन्ना, उपायुक्त सुरेन्द्र बी. पाटीदार, उप शैलेश खेरवा, तहसीलदार रणजीत सिंह बिट्टू एवं रमेश कुमार सहित अधिकारी मौजूद रहे।

16 अक्टूबर तक आयोजित होगा शिविर, आमजन लें  अधिकाधिक लाभ

यूडीए सचिव राजपाल सिंह ने बताया कि अभियान के तहत पहले दिन बुधवार को कुल 110 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इनमें पट्टे के आवेदन के 32, फ्री होल्ड के पट्टे के 10, नाम हस्तांतरण के 6, आवंटन का 1 तथा अन्य श्रेणी के 61 प्रकरण शामिल हैं। 16 अक्टूबर तक कार्यालय परिसर में आयोजित होने वाले शिविर के दौरान भू-रूपान्तरण-90-ए, भू-उपयोग परिवर्तन, लीज-डीड एवं पट्टा जारी करने, फ्री-होल्ड पट्टा, भवन निर्माण अनुज्ञा, उप-विभाजन एवं एकीकरण, नामान्तरण, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र तथा बकाया लीज जमा कराने जैसे कार्य किए जाएंगे।

इसके साथ ही प्राधिकरण की भूमि से अतिक्रमण हटाने, विभिन्न आवासीय योजनाओं में आवंटन एवं नीलामी, सफाई व्यवस्था में सुधार, ब्लॉक स्पॉट समाप्त करने, नई स्ट्रीट लाइट लगाने एवं बंद लाइटों को चालू करने तथा सड़क मरम्मत से संबंधित कार्य भी किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि विभिन्न सार्वजनिक स्थलों जैसे पार्क, बस स्टैंड एवं सामुदायिक केन्द्रों में रखरखाव के कार्य तथा विभिन्न आवासीय योजनाओं में निर्मित ईडल्यूएस/एलआईजी/एमआईजी फ्लैट्स का ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों को आवंटन और आवंटित फ्लैट्स के कब्जा-पत्र जारी करने की कार्रवाई भी अभियान के दौरान की जाएगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!