MPUAT: वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिकों का 131वाँ स्नेह मिलन समारोह संपन्न

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
उदयपुर। वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिकों का 131वाँ स्नेह मिलन समारोह एमपीयूएटी गेस्ट हाउस में आत्मीय एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में वरिष्ठ वैज्ञानिकों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में संगीत, कविता, अध्यात्म, जीवन-दर्शन तथा आपसी स्नेह का सुंदर समागम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. पुष्पा गुप्ता द्वारा प्रेरणादायी सामूहिक प्रार्थना “हमको मन की शक्ति देना” की प्रस्तुति से हुआ। इसके पश्चात डॉ. एल.एल. धाकड़ ने जैन धर्म के मूल सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए उनके जीवन में महत्व को रेखांकित किया।
साहित्यिक प्रस्तुतियों के क्रम में वंदना गुप्ता ने नीरज की कविता प्रस्तुत कर वातावरण को काव्यमय बना दिया। नैन्सी शर्मा ने सभी की मंगलकामना करते हुए सुंदर प्रार्थना सुनाई, डॉ. आर. स्वामीनाथन ने विभिन्न रागों एवं कलाकारों पर आधारित गीतों की सुंदर मेडली प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित सदस्यों ने खूब सराहा। डॉ. अशोक गुप्ता ने “रस्म-ए-उल्फत को निभाऊँ कैसे” गीत प्रस्तुत किया।
शकुंतला धाकड़ ने कर्मफल के सिद्धांत को एक प्रेरक दृष्टांत के माध्यम से समझाया। डॉ. विमल शर्मा ने दो लोकप्रिय फिल्मी गीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में संगीत का रंग भर दिया। डॉ. के.एल. डांगी ने “प्यार भरे दो शर्मीले नयन” तथा रमा सचेती ने “मान मेरा कहना नहीं” गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
विनोद सचेती ने मंत्रों की महिमा एवं उनके उपचारात्मक पक्ष पर अपने विचार साझा किए। वहीं शशि कंठालिया ने “कबूल है जिंदगी का हर तोहफा” कविता प्रस्तुत कर जीवन को सकारात्मक दृष्टि से स्वीकार करने का संदेश दिया।
समारोह में 85 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर डॉ. एस.सी. भारद्वाज एवं डॉ. ए.एल. तापड़िया का विशेष सम्मान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने दोनों वरिष्ठ वैज्ञानिकों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घ एवं सक्रिय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में सात सदस्यों का जन्मदिन एवं एक की विवाह वर्षगाँठ सामूहिक रूप से मनाई गई। इससे समारोह का वातावरण और अधिक आत्मीय एवं आनंदमय हो गया।
समारोह के अंत में ए.के. सांचेती परिवार की ओर से सभी के लिए स्नेहपूर्वक दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई। उपस्थित वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने इस आत्मीय आयोजन के लिए आयोजकों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
131वाँ स्नेह मिलन समारोह वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिकों के बीच आत्मीयता, मित्रता और जीवन के सकारात्मक अनुभवों को साझा करने का एक यादगार अवसर बन गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ एल एस जैन ने की व संचालन सचिव डॉ विमल शर्मा ने किया।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!