-जिला स्तरीय उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उदयपुर टीम में मिली जगह
उदयपुर, 28 सितम्बर। कुराबड़ ब्लॉक की शिशवी ग्राम पंचायत के जनजाति बहुल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ऊंकार की छात्रा लक्ष्मी मीणा का झुंझुनू में आयोजित होने वाली 70वीं 19 वर्षीय राज्य स्तरीय विद्यालयी हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। लक्ष्मी का चयन जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राज्य स्तर पर उदयपुर टीम में हुआ है। वह झुंझुनू में आयोजित प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेगी।
विद्यालय की प्रधानाचार्य भावना बत्रा ने बताया कि लक्ष्मी मीणा ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर अपनी जगह बनाई है। लक्ष्मी के चयन के साथ ही ऊंकार गांव से पहली बार किसी विद्यार्थी का राज्य स्तर पर चयन होने का गौरव प्राप्त हुआ है। इससे जनजाति बहुल गांव में उल्लास और खुशी का माहौल है। लक्ष्मी की इस उपलब्धि से गांव के अन्य बालक-बालिकाओं में भी खेल एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
लक्ष्मी के राज्य स्तरीय चयन पर ऊंकार सरपंच किशन लाल मीणा, समाजसेवी बंशीलाल रेबारी, गणपत सिंह, भेरूलाल मीणा, सीबीईओ मीना शर्मा, विद्यालय स्टाफ तथा ग्रामवासियों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्साहवर्धन किया।
लक्ष्मी मीणा का राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में चयन, गांव की पहली बालिका बनीं
