खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के सेवा सेतु शिविर 28 से 30 सितम्बर तक

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 28 सितम्बर। भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के दिशा-निर्देशानुसार जिले में 28 से 30 सितंबरतक ब्लॉक स्तर पर सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के साथ आमजन की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जाएगा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) दीपेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि शिविरों में सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों (आईईसी) के तहत विभाग की प्रमुख योजनाओं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाई ) तथा वन नेशन वन राशन कार्ड (ओएनओआरसी) की पोर्टेबिलिटी व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

शिविरों में होंगे ये प्रमुख कार्य
श्री राठौड ने बताया कि शिविरों में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत लंबित आवेदन प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा। साथ ही योजना में चयनित लाभार्थियों की आधार सीडिंग, ई-केवाईसी तथा लाभार्थी परिवारों की एलपीजी आईडी सीडिंग की जाएगी। इसके अलावा संपर्क, सीपीजीआरएएमएस व एनएफएसए पोर्टल पर प्राप्त लंबित परिवेदनाओं एवं शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाएगा। लाभार्थियों को वितरित किए जाने वाले खाद्यान्न की गुणवत्ता एवं निर्धारित विशेषताओं से अवगत कराने के लिए खाद्यान्न के नमूनों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) ने समस्त उपखंड अधिकारियों को अपने क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों के लिए शिविर प्रभारियों की नियुक्ति करने तथा जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!