उदयपुर, 28 सितम्बर। जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय के विधि विभाग द्वारा प्राचार्या डॉ. मीता चौधरी एवं सहायक आचार्या ज्योति मीणा के नेतृत्व में इंटर-कॉलेज मूट कोर्ट प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार को विधि विभाग में किया गया। जिसमें एलएल.बी. एवं बी.ए. एलएल.बी. के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानूनी शोध, तर्क-वितर्क, वाद-विवाद एवं न्यायालय में प्रभावी ढंग से अपनी बात रखने की क्षमता का विकास करना था। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागी विद्यार्थियों ने मूट कोर्ट की प्रक्रिया के अनुरूप अपने पक्ष में प्रभावशाली मौखिक तर्क प्रस्तुत किए तथा निर्णायकों द्वारा पूछे गए विभिन्न कानूनी प्रश्नों का उत्तर दिया।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. प्रतीक जांगीड़, डॉ. छत्रपाल सिंह राठौड़ एवं ज्योति मीणा ने निभाई। निर्णायकों द्वारा विद्यार्थियों के कानूनी ज्ञान, शोध, तर्क प्रस्तुत करने की क्षमता, आत्मविश्वास, मौखिक प्रस्तुतीकरण एवं न्यायालयीन शिष्टाचार सहित विभिन्न मानदंडों के आधार पर मूल्यांकन किया गया।
प्रतियोगिता के पश्चात उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। प्रवीण गोरना को बेस्ट मूटर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अमतुल्ला एवं आयुषी को सेकंड बेस्ट मूटर तथा महिमा भाटी को थर्ड बेस्ट मूटर के रूप में सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान संकाय सदस्य डॉ. अंजू कावडिय़ा, डॉ. सुरेंद्र सिंह चुण्डावत, डॉ. ज्ञानेश्वरी राठौड़, ऋत्वी धाकड़, डॉ. विनीता व्यास, डॉ. निशा देपुरा, डॉ. हेमंत गंगावत भी उपस्थिति रहे।
पुरस्कार वितरण समारोह में प्राचार्या द्वारा विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर कॉलेज की मूट कोर्ट समिति के अध्यक्ष के रूप में एलएल.बी. की छात्रा महिमा भाटी की घोषणा भी की गई।
इंटर-कॉलेज मूट कोर्ट प्रतियोगिता 2026 का आयोजन
