आबकारी आयुक्त के निर्देशन में कार्रवाई जारी
उदयपुर, 28 सितंबर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार प्रदेश मंे अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए चल रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, गश्त, रेड की प्रभावी कार्यवाही जारी है। प्रदेश में वाॅश, हथकड़ मदिरा सहित अन्य राज्य की मदिरा पर भी कार्रवाई की जा रही है अब तक 3 लाख 55 हजार 711 लीटर वाॅश नष्ट किया गया है।
1064 अभियोग दर्ज, 36 वाहन सीज
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत 27 सितंबर 2026 तक विभिन्न कार्रवाई के तहत 1064 अभियोग दर्ज किए गए है। प्रदेश में देशी मदिरा 8 लाख 17 हजार 785 रूपए लागत की 2988 लीटर, भारत निर्मित विदेशी मदिरा एक करोड़ 4 लाख 96 हजार 520 रूपए की 10552 लीटर, बीयर 3 लाख एक हजार 501 रूपए की 1370 लीटर, हथकड़ शराब 8937 लीटर एवं स्प्रिट 350 लीटर जब्त किया गया है। इसी क्रम में वाॅश 3 लाख 55 हजार 711 लीटर नष्ट किया गया। प्रदेश में अभियान के तहत एक बड़ा वाहन, 13 चार पहिया वाहन, 22 दुपहिया वाहन सहित 36 वाहन जब्त किए है साथ ही अवैध मदिरा से संबंधित 416 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
अवैध मदिरा जब्त
प्रदेश में आबकारी निरोधक दलों की कार्रवाई के तहत सिरोही में अनुज्ञापत्र शर्तों के उल्लंघन पर 4 अभियोग दर्ज किए साथ ही आबकारी थाना रेवदर के तहत 40 अंग्रेजी मदिरा के पव्वे जब्त कर अभियोग दर्ज किया गया। अजमेर ग्रामीण में दबिश कार्रवाई कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए केकड़ी में 21 पव्वे देशी शराब जब्ती सहित 150 लीटर वाॅश नष्ट किया गया। बारां जिले के छबड़ा उपखंड में ईपीएफ टीम ने 52 लीटर हथकड़ मदिरा, देशी मदिरा 24 पव्वे बरामद किए। कोटा रामगंज मंडी में 70 पव्वे देशी मदिरा, 28 पव्वं आईएमएफएल, 16 पव्वे आरएमएल एवं 30 बीयर बोतल जब्त की। झालावाड़ में 800 लीटर वाॅश नष्ट कर 55 लीटर हथकड़ मदिरा, 121 पव्वे देशी मदिरा, 44 पव्वे आरएमएल जब्त कर अभियोग दर्ज किए। पाली में आबकारी दल ने दबिश देकर बड़ी मात्रा में देषी व अंग्रेजी मदिरा जब्त करते हुए 3 अभियोग दर्ज किए। बांसवाड़ा में एक मोटरसाईकल से 70 बोतल हथकड़ मदिरा एवं कुशलगढ थाना क्षेत्र में 11 बोतल हथकड़ मदिरा जब्त कर अभियोग दर्ज किए।
इसी प्रकार प्रदेश के समस्त जिलों में भी विषेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, दबिश व सघन गश्त की जा रही है। समस्त अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक एवं आबकारी निरोधक दल द्वारा अवैध मदिरा के विरूद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्यवाही की जा रही है।
