फतहनगर। फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिका के अध्यक्ष (अनारक्षित महिला) पद की कुर्सी के लिए सियासत का पारा अचानक अपने चरम पर पहुंच गया है। नाम वापसी के अंतिम दिन कांग्रेस उम्मीदवार के पीछे हटते ही पालिका की राजनीति में एक बड़ा ‘ट्विस्ट’ आ गया है, जिसने चुनाव के पूरे समीकरण ही उलट-पुलट कर दिए हैं। रिटर्निंग अधिकारी (उपनिदेशक एस.सी.एम. रीपा, उदयपुर) हुकम कँवर द्वारा जारी अंतिम सूची (प्ररूप-6 क) के अनुसार, अब अध्यक्ष पद की रेस में केवल दो महिला प्रत्याशी आमने-सामने बची हैं: सीमा (भाजपा): वार्ड नं. 20 आदर्श कॉलोनी निवासी सीमा भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की आधिकारिक प्रत्याशी के रूप में पार्टी के चुनाव चिन्ह ‘कमल’ के साथ मैदान में डटी हुई हैं।
ममता (निर्दलीय): वार्ड नं. 4 रावला चौक निवासी ममता निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी ताल ठोक रही हैं, जिन्हें चुनाव चिन्ह ‘इस्त्री’ (प्रेस) आवंटित हुआ है।
कांग्रेस का दांव और भाजपा की अंदरूनी बगावत: नामांकन वापसी के दिन कांग्रेस प्रत्याशी सोसर देवी ने अपना पर्चा वापस लेकर सभी को चौंका दिया। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस अब निर्दलीय मैदान में उतरीं ममता चपलोत को अपना समर्थन दे सकती है। लेकिन असली ड्रामे की वजह ममता चपलोत की पारिवारिक और राजनीतिक स्थिति है! दरअसल, ममता के पति राजेश चपलोत खुद भाजपा के पार्षद हैं और उनके साथ भाजपा के कई अन्य पार्षदों का गुट भी मजबूती से खड़ा बताया जा रहा है। भाजपा के ही बागी खेमे और कांग्रेस के रणनीतिक समर्थन के बल पर अब ममता चपलोत का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। एक तरफ जहाँ भाजपा अपनी प्रत्याशी सीमा को जिताने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है, वहीं दूसरी तरफ अपनों की ही बगावत ने भाजपा की राह में कांटे बिछा दिए हैं। देखना दिलचस्प होगा कि ‘कमल’ खिलता है या फिर निर्दलीय ममता की ‘इस्त्री’ पालिका की सियासत की तमाम सिलवटें सीधी करती है!
फतेहनगर सनवाड़ नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव के लिए मतदान 21 सितंबर को
फतेहनगर: नगरपालिका फतेहनगर सनवाड़ के अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में रिटर्निंग अधिकारी हुकम कंवर द्वारा नोटिस जारी कर सदस्यों की बैठक आहूत की गई है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष चुनाव के लिए निर्वाचित सदस्यों की बैठक 21 सितंबर 2026 (सोमवार) को नगरपालिका फतेहनगर सनवाड़ के सभा कक्ष में आयोजित की जाएगी। मतदान प्रक्रिया सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चलेगी। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद 21 सितंबर को ही मतगणना की जाएगी। चुनाव लड़ने वाला प्रत्याशी (चाहे वह निर्वाचित सदस्य हो या नहीं) बैठक में उपस्थित होकर मतदान व मतगणना प्रक्रिया देख सकता है, परंतु मतदान करने का अधिकार केवल निर्वाचित सदस्यों को ही होगा।
