नगरीय निकाय चुनाव
उदयपुर, 16 सितम्बर। नगरीय निकाय चुनाव – 2026 के तहत निकायों के अध्यक्षीय पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को पूर्ण हुई। नाम वापसी के अंतिम दिन तक भीण्डर में 4 तथा फतहनगर और वल्लभनगर में 2-2 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र वापस लिए। अब उदयपुर नगर निगम सहित जिले के सभी निकायों में अध्यक्षीय पदों के लिए दो-दो प्रत्याशी शेष हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को जारी अंतिम सूची में उदयपुर नगर निगम के लिए भाजपा की ओर से पारस सिंघवी एवं कांग्रेस से डॉ पूनम कुंवर अध्यक्षीय पद की दौड़ में हैं। नगरपालिका भीण्डर में भाजपा से सुरेशकुमार जैन, मीना एवं गणेशलाल, कांग्रेस से सुंदरलाल व गोपाल तथा निर्दलीय चमनलाल ने नामांकन पत्र जमा कराए थे। नामांकनों की संवीक्षा में सभी नामांकन वैध पाए गए। इनमें से सुरेशकुमार जैन, गणेशलाल, गोपाल एवं चमनलाल ने अपने नाम निर्देशन पत्र वापस ले लिए। अब भाजपा की ओर से मीना तथा कांग्रेस से सुंदरलाल शेष हैं। इसी प्रकार नगरपालिका वल्लभनगर में कांग्रेस से रामी तथा भाजपा से सोवनी, लीला भील एवं भोलीबाई भील ने नामांकन दाखिल किए थे। इनमें से लीला भील एवं भोलीबाई ने नाम वापस ले लिए। अब कांग्रेस से रामी और भाजपा से सोवनी शेष हैं।
फतहनगर-सनवाड़ में कांग्रेस से सोसर, भाजपा से सीमा व रम्भा देवी तथा निर्दलीय ममता व प्रियंका ने नामांकन जमा कराए थे। इनमें से रम्भा देवी का नामांकन संवीक्षा के दौरान निरस्त हुआ। वहीं कांग्रेस की सोसर और निर्दलीय प्रियंका ने नाम वापस ले लिए। इसी प्रकार नगरपालिका मावली में कांग्रेस से पुष्पा कुमारी, भाजपा से राकेश कुमार मीणा तथा नगरपालिका कानोड़ में कांग्रेस से रोनक स्वर्णकार व भाजपा से शिवकुमार सोनी अध्यक्षीय पद की दौड़ में हैं। शुक्रवार को अंतिम सूची जारी करने के साथ चुनाव चिन्हों का आवंटन कर दिया गया है। मतदान 21 सितम्बर को सुबह 10 से 2 बजे तक होगा तथा इसके तुरंत पश्चात मतगणना की जाएगी। उपाध्यक्षीय पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया 22 सितम्बर को होगी।
