उदयपुर का अमरनाथ’ गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पर दो दिवसीय वार्षिक मेला 26 से

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। प. पू. ब्रह्मलीन महंत श्री 1008 श्री बृज बिहारी वन जी महाराज की पावन तपोस्थली ‘उदयपुर का अमरनाथ’ श्री गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला वार्षिक दो दिवसीय मेला इस वर्ष 26 और 27 सितम्बर को आयोजित किया जाएगा। भाद्रपद पूर्णिमा एवं आश्विन प्रतिपदा के अवसर पर आयोजित होने वाले मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।

महंत श्री तन्मय वन जी महाराज ने बताया कि मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई कार्य के साथ ही मेले की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मेले में लगने वाली दुकानों के सुनियोजित आवंटन की प्रक्रिया भी लगभग पूरी कर ली गई है।

उन्होंने बताया कि मेले में दुकान लगाने वाले दुकानदार भक्तों के लिए दुकानों का आवंटन 20 सितम्बर, रविवार को किया जाएगा। इसके तहत सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक श्री गुप्तेश्वर महादेव मंदिर की तलहटी स्थित श्री बृज वन सरोवर पर दुकानों का आवंटन होगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक श्री गुप्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में दुकान आवंटन की प्रक्रिया जारी रहेगी।

मंदिर समिति की ओर से दुकानदार भक्तों से विशेष आग्रह किया गया है कि वे दुकान आवंटन के निर्धारित दिन और समय का ध्यान रखें। दुकानों का आवंटन केवल 20 सितम्बर को एक ही दिन किया जाएगा। मेले को लेकर श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!