पाँच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर उदयपुर संभाग में बैंक हड़ताल पूर्ण सफल

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

करोड़ों रुपये का बैंकिंग कारोबार प्रभावित, कैश और क्लियरिंग सेवाएं रहीं ठप
उदयपुर, 11 सितम्बर। पाँच दिवसीय कार्य सप्ताह व अन्य मांगों को लेकर बैंक कर्मियों के संगठनों के संयुक्त मंच यूएफबीयू के आह्वान पर आयोजित बैंक हड़ताल का उदयपुर संभाग में व्यापक असर देखने को मिला। हड़ताल के कारण संभाग में बैंकिंग गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित रही तथा जिले में कैश एवं क्लियरिंग से संबंधित करीब 1000 करोड़ रुपये का बैंकिंग कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है।
यूएफबीयू उदयपुर के संयोजक डी. के. जैन ने बताया कि हड़ताल में बैंक कर्मचारी पूरे जोश ओ खरोश के साथ सम्मिलित हुए और संभाग में बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह प्रभावित रहीं। उन्होंने कहा कि पाँच दिवसीय कार्य सप्ताह बैंक कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही प्रमुख मांग है और इस पर केंद्र सरकार के अड़ियल रुख को लेकर कर्मचारियों में व्यापक असंतोष है। उन्होंने बताया कि बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की एकजुट एवं मजबूत भागीदारी के चलते हड़ताल शत-प्रतिशत सफल रही। हड़ताल के दौरान बैंकों में किसी भी प्रकार का बैंकिंग कार्य नहीं हुआ, जिससे नकदी लेन-देन, चेक क्लियरिंग सहित नियमित बैंकिंग गतिविधियां प्रभावित रहीं।
ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कॉन्फेडरेशन के धर्मवीर भाटिया ने बताया कि उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में निकाय चुनाव के मद्देनजर परक्राम्य लिखत अधिनियम के तहत अवकाश होने के चलते इन क्षेत्रों में सभी बैंक पूर्ण रूप से बंद रहे। अन्य क्षेत्रों में भी हड़ताल का व्यापक असर रहा और बैंकिंग कार्य पूरी तरह प्रभावित हुआ।
यूएफबीयू नेताओं ने बताया कि पाँच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना, द्विपक्षीय माध्यम का सम्मान करना एवं लंबित मुद्दों को तय समयसीमा में सुलझाना हमारी जायज मांगें है और बैंकिंग क्षेत्र में कार्य-जीवन संतुलन तथा बेहतर कार्य परिस्थितियों के लिए इसका लागू होना आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार बैंक कर्मियों की जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो सितंबर माह के अंत में तीन दिवसीय हड़ताल तथा इसके बाद 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यूएफबीयू ने स्पष्ट किया कि मांगों के समाधान तक आंदोलन को और व्यापक एवं मजबूत किया जाएगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!