उदयपुर। शहर के पंचवटी क्षेत्र में गत माह नवीन ज्वैलर्स शोरूम में हुई करीब एक करोड की सनसनीखेज चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य सरगना सहित शातिर तीन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 60 लाख रुपए कीमत के सोने चांदी व हीरे जडे जेवरात बरामद करने में कामयाबी पाई है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ अमृता दुहन ने बताया कि पीडित नवीन सरुपरिया ने गत 30 जुलाई को दी रिपोर्ट में बताया कि पंचवटी स्थिति उसके नवीन ज्वैलर्स शोरूम का 29 जुलाई की रात को अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का साइड शटर उखाड़कर और कांच का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोर दुकान से करीब 22 लाख रुपए कीमत के हीरे, 390 ग्राम सोने के आभूषण, 12 किलोग्राम चांदी के आभूषण/बर्तन और 9,75,000 रुपए नकद (कुल कीमत करीब 1 करोड़ रुपए) चोरी कर ले गए। इस पर हाथीपोल थाने में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। एक विशेष टीम का गठन किया गया।
एसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए उदयपुर शहर के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें 5 संदिग्ध व्यक्ति वारदात से पहले दुकान की रैकी करते हुए नजर आए। संदिग्धों का रूट ट्रैक करने पर उनका उदयपुर रेलवे स्टेशन से चित्तौड़गढ़, कोटा, और धौलपुर की तरफ जाना पाया गया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कोटा, बारां, ग्वालियर, धौलपुर से लेकर आगरा तक के करीब 200 सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से अवलोकन किया। इस सघन चेकिंग से पता चला कि यह गिरोह आगरा (उ.प्र.) के पिनाहट एवं शमशाबाद थाना क्षेत्र के चम्बल बीहड़ों में रहने वाली एक बेहद शातिर अन्तर्राज्यीय नकबजन गैंग है।
पुलिस टीम ने चम्बल के बीहड़ों में मुखबिरी और आसूचना तंत्र को मजबूत कर आरोपियों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। कड़ी घेराबंदी कर पुलिस ने गैंग के मुख्य सरगना सहित 03 आरोपियों धनपाल उर्फ धान्धु वर्मा, आनन्द उर्फ कुकडीया वर्मा निवासी पुरा नत्था झोरिया पिनाहट जिला आगरा और गुड्डू पुत्र राजाराम राठौड निवासी नगला मुक्ता शमशाबाद जिला आगरा को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपियों की निशानदेही पर बीहड़ के खेतों में गहरे गड्ढे खोदकर छुपाया गया करीब 60 लाख रुपए का चोरी का माल बरामद कर लिया गया है। बारिश के मौसम के कारण खेतों में लंबी घास और दलदली रास्तों के बावजूद पुलिस ने इस माल को खोज निकाला। गिरफ्तार धनपाल के खिलाफ पूर्व में तीन और आनंद के विरुद्ध दो आपराधिक मामले दर्ज है।
एसपी ने बताया कि यह गैंग बेहद तकनीकी रूप से सतर्क और शातिर है। वारदात से करीब 2 महीने पहले गैंग के दो सदस्य मनोज उर्फ डॉक्टर वर्मा और आनंद वर्मा उदयपुर में मजदूरी करने आए थे और उन्होंने नवीन ज्वैलर्स की रेकी की। इसके बाद पूरी गैंग योजनाबद्ध तरीके से उदयपुर पहुंची और पैदल ही गुमानिया नाले में उतरकर वारदात को अंजाम दिया। पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी वारदात के दौरान अपने पास मोबाइल फोन नहीं रखते थे। यात्रा के दौरान ये केवल नकद भुगतान करते थे और लगातार ट्रेन व बसें बदलते थे ताकि कोई डिजिटल या फिजिकल साक्ष्य पीछे न छूटे। वारदात के तुरंत बाद ये चम्बल के बीहड़ों में छिप जाते थे। गिरफ्तार तीनों आरोपियों से सघन पूछताछ की जा रही है। इस गैंग के अन्य फरार साथियों मनोज उर्फ डॉक्टर वर्मा की तलाश और शेष माल की बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
नवीन ज्वैलर्स शोरूम में हुई एक करोड़ की सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार
