-राजेश वर्मा
उदयपुर। नगर निगम चुनाव की गहमागहमी के बीच पूर्व आईएएस अधिकारी एवं पूर्व लोकसभा सांसद प्रत्याशी ताराचंद मीणा ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में धर्म की राजनीति करने वाली केंद्र व राजस्थान की भाजपा सरकार अब तक उदयपुर के कन्हैयालाल हत्याकांड के आरोपियों को सजा दिलाकर पीडित परिवार को न्याय नहीं दिला सकी है। नगर निगम चुनाव—2026 में मैदान में उतरे उदयपुर के कांग्रेस प्रत्याशियों के संकल्प पत्र लांच के मौके पर आरटीडीसी होटल में हाल ही पत्रकारों से बातचीत के दौरान पूर्व आईएएस अधिकारी एवं उदयपुर के तत्कालीन जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा ने कहा कि यह तो सही समय पर उचित कार्रवाई करते हुए कन्हैयालाल हत्याकांड के आरोपियों को वारदात के कुछ ही घंटों में पुलिस ने धर दबौच लिया वरना भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने धर्म की राजनीति करने में कोई कसर नहीं छोडी थी। मीणा ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि यदि समय पर आरोपी पकडे नहीं जाते तो उदयपुर के हालात इतने ज्यादा बिगड जाते कि उदयपुर 10 साल पिछड जाता। ताराचंद मीणा ने आरोप लगाते हुए कहा कि धर्म की राजनीति करने वाली भारतीय जनता पार्टी और उनकी सरकार अब तक कन्हैयालाल हत्याकांड के आरोपियों को सजा नहीं दिला सकी और न ही उसके पीडित परिवार को न्याय दिला सकी। भाजपा ने लोगों को बांटने का काम किया है और कर रही है। नगर निगम में घोटालों के संबंध में सवाल पर ताराचंद मीणा ने कहा कि निगम के घोटालों के बारे में जनता सब जानती है और जनता इसका जवाब नगर निगम चुनाव में अवश्य देगी। नगर निगम में भाजपा के भले ही छह बोर्ड बन गए लेकिन उदयपुर स्मार्ट सिटी नहीं बन पाई। उदयपुर में विकास के नाम पर शहर का सूरजपोल चौराहा, हिरणमगरी की मॉडल रोड दिमाग का दिवालियापन दिखाता है। छह बार बोर्ड बनने के अहंकार में डूबी भाजपा को शहर के मतदाता की चिंता नहीं है। वे यहां महापौर के लिए लड रहे है। जबकि कांग्रेस पार्टी की गहलोत सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान 12 लाख पट्टे प्रदान किए। साथ ही जब जब प्रदेश में कांग्रेस सरकार रही तब तक आमजन की सुविधा और मदद के लिए समय समय पर प्रशासन शहरों के संग और प्रशासन गांवों के संग शिविर के आयोजन किए है। प्रदेशवासियों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा और शहर में 100यूनिट बिजली फ्री की, जिसके भाजपा की सरकार ने बंद कर दी प्रदेश की जनता के साथ अन्याय किया।
कन्हैया कांड में न्याय नहीं दिला सकी धर्म की राजनीति करने वाली भाजपा सरकार—ताराचंद मीणा
