लगभग 99 वर्ष की धापूबाई से लेकर 93 वर्षीय शेख इब्राहिम तक—उम्र को मात देता लोकतंत्र का जज्बा

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
-वरिष्ठ मतदाताओं ने मतदान कर पेश की जागरूकता की प्रेरक मिसाल, अगली पीढ़ी को दिया लोकतंत्र में भागीदारी का संदेश
प्रतापगढ़, 9 सितंबर। नगरीय निकाय चुनाव 2026 के प्रथम चरण के मतदान में प्रतापगढ़ में लोकतंत्र के प्रति उत्साह और जागरूकता की ऐसी तस्वीरें सामने आईं, जिन्होंने उम्र की सीमाओं को पीछे छोड़ते हुए मतदान के महत्व को रेखांकित किया।
वरिष्ठ नागरिकों ने न केवल अपने मताधिकार का प्रयोग किया, बल्कि अपने साथियों और परिवारजनों के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर अन्य मतदाताओं के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
99 वर्षीय धापूबाई ने मतदान कर जताई अगली बार भी वोट देने की इच्छा- अपने वार्ड के मतदान केंद्र पर पहुंचीं धापूबाई तड़वेचा ने कहा कि उनकी उम्र लगभग 99 वर्ष है। उन्होंने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उम्र के इस पड़ाव पर भी मतदान के प्रति उनका उत्साह देखते ही बना। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि वह अगले मतदान में भी अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहेंगी। उनका यह जज्बा लोकतंत्र के प्रति नागरिक कर्तव्य और मतदान की महत्ता का जीवंत उदाहरण बना।
इसी तरह लगभग 93 वर्षीय शेख इब्राहिम ने साथियों संग पहुंचकर दिया मतदान का संदेश- इसी क्रम में वरिष्ठ नागरिक शेख इब्राहिम शिराजी, उम्र 93 वर्ष, अपने परिवार के साथ नगर परिषद चुनाव में मतदान करने के लिए अपने मित्रों के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। उनके साथ अरविंद कुमार डया, उम्र 87 वर्ष तथा गोवर्धन लाल मीणा, उम्र 75 वर्ष ने भी अपने वार्ड के मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का उपयोग किया।
प्रतापगढ़ में 79.14%, अरनोद में 91.98% मतदान- सांख्यिकी प्रकोष्ठ से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार नगर परिषद प्रतापगढ़ में कुल 40 वार्डों में 35,895 मतदाताओं में से 28,406 मतदाताओं ने मतदान किया, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 79.14 प्रतिशत रहा।
इसी प्रकार नगर पालिका अरनोद में कुल 20 वार्डों में 5,190 मतदाताओं में से 4,774 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 91.98 प्रतिशत दर्ज किया गया।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!