नजाति आयुक्त ने किया लेक्रोस के अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों का  अभिनंदन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
उदयपुर, 7 सितम्बर। कुआलालंपुर, मलेशिया में हाल ही में संपन्न हुई साउथ ईस्टर्न एशियन लेक्रोस गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर देश एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाकर लौटी भारतीय लेक्रोस टीम के जनजाति क्षेत्र से जुड़े खिलाड़ियों का जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग की आयुक्त एवं लेक्रोस की प्रमुख प्रवर्तक प्रज्ञा केवलरमानी द्वारा अभिनंदन एवं उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करना और देश के लिए पदक जीतना अपने आप में गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर राज्यपाल राजस्थान हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत सहित अन्य मंत्रियों एवं विधायकों द्वारा प्रेषित शुभकामना संदेशों का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। जनप्रतिनिधियों द्वारा खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सोशल मीडिया के माध्यम से भी सराहा गया।
उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इसी तरह मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ते रहें तथा भविष्य में देश और राजस्थान का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक ऊंचाई तक पहुंचाएं।

राजस्थान के जनजाति क्षेत्र के खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
मलेशिया में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय टीम के साथ राजस्थान के जनजाति क्षेत्र के खिलाड़ियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। प्रशिक्षक नीरज बत्रा एवं मैनेजर शहज़ाद खान के मार्गदर्शन में राजस्थान के जनजाति क्षेत्र की 9 बेटियों ने भारतीय महिला टीम का प्रतिनिधित्व किया। इनमें कप्तान डाली गमेती, सुनीता मीणा, यशिष्ठा बत्रा, जुला कुमारी गुर्जर, मीरा दौजा, विशाखा मेघवाल, यशोदा गमेती, रोशनी बोस एवं जानवी राठौड़ शामिल रहीं।
महिला टीम ने प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल कौशल, आपसी सामंजस्य, अनुशासन और अदम्य जज्बे का प्रदर्शन करते हुए मजबूत अंतरराष्ट्रीय टीमों को कड़ी चुनौती दी। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और कांस्य पदक अपने नाम कर भारत एवं राजस्थान को गौरवान्वित किया।
वहीं पुरुष वर्ग में भी राजस्थान के जनजाति क्षेत्र के 6 खिलाड़ियोंकृमोहनलाल गमेती, निशांत नागदा, खुमाराम गमेती, नारायण लाल गमेती, दयाशंकर गमेती एवं शाहिद खान ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा और क्षमता का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावशाली प्रदर्शन किया। पुरुष खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान कई मजबूत टीमों के विरुद्ध शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए भविष्य की संभावनाओं के रूप में अपनी मजबूत पहचान बनाई।

सरकार के प्रोत्साहन से खिलाड़ियों को मिल रहा बेहतर अवसर
खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों ने अपनी सफलता के पीछे राजस्थान सरकार की खेल एवं जनजाति क्षेत्र के विकास से जुड़ी नीतियों, निरंतर प्रोत्साहन तथा खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को महत्वपूर्ण बताया। खिलाड़ियों ने राजस्थान माइन्स एंड मिनिरल्स लिमिटेड  द्वारा उपलब्ध करवाए जा रहे वित्तीय सहयोग, उदयपुर प्रशासन के सहयोग तथा क्षेत्रीय जनजाति विकास विभाग द्वारा प्रदान की जा रही आवश्यक मूलभूत एवं उपयोगी सुविधाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
अभिभावकों ने कहा कि ग्रामीण एवं जनजाति क्षेत्र से आने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को यदि उचित प्रशिक्षण, संसाधन, मार्गदर्शन और अवसर मिलें तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करने की पूरी क्षमता रखते हैं। राजस्थान सरकार एवं संबंधित विभागों के सहयोग से इन खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिल रहा है और उनकी प्रतिभा लगातार निखर रही है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रहा राजस्थान का लेक्रोस
राजस्थान में पिछले कुछ वर्षों में लेक्रोस खेल के प्रति खिलाड़ियों का रुझान तेजी से बढ़ा है। विशेष रूप से जनजाति क्षेत्रों से निकलकर खिलाड़ियों का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना खेल के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रशिक्षक नीरज बत्रा के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास, कठिन परिश्रम और अनुशासन के माध्यम से अपनी खेल क्षमता को मजबूत किया है। खिलाड़ियों की लगातार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी से राजस्थान में लेक्रोस को एक नई पहचान मिल रही है।
आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित किया और कहा कि यह सफलता केवल खिलाड़ियों की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि राजस्थान, उदयपुर और जनजाति क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी आने वाली प्रतियोगिताओं में भी इसी उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन करेंगे तथा भविष्य में देश के लिए और अधिक पदक जीतकर राजस्थान एवं भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर रोशन करेंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!